Last updated: May 23rd, 2026 at 05:01 am

बिहार के गया जिले में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी पर कार्यक्रम के दौरान पत्थर फेंके जाने की घटना सामने आई है। राहत की बात यह रही कि इस हमले में वह सुरक्षित बच गए, हालांकि उनके पीछे मौजूद सुरक्षाकर्मी को चोट लगी है। घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, मामला गया जिले के खिजरसराय प्रखंड स्थित सीसवर गांव का है, जहां संत थॉमस इंग्लिश स्कूल में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में जीतन राम मांझी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान स्कूल प्रबंधन द्वारा उनका सम्मान भी किया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जैसे ही मांझी मंच से लोगों को संबोधित करने के लिए आगे बढ़े, तभी बाहर की ओर से अचानक पत्थर फेंका गया। पत्थर उनके बेहद करीब से गुजरते हुए पीछे खड़े सुरक्षाकर्मी को जा लगा। घटना के तुरंत बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
मौके पर मौजूद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो युवकों को हिरासत में लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है। फिलहाल पुलिस प्रशासन और केंद्रीय मंत्री की ओर से इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में जीतन राम मांझी और उनके परिवार को लेकर कई विवाद और सुरक्षा से जुड़े मामले सामने आए हैं। इससे पहले उनकी समधन और विधायक Jyoti Manjhi के काफिले पर भी हमला हुआ था। वहीं सोशल मीडिया पर मांझी को धमकी देने वाले एक युवक को पुलिस हाल ही में गिरफ्तार कर चुकी है।
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बाद राजनीतिक गलियारों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
![]()
Comments are off for this post.