Last updated: May 25th, 2026 at 12:34 pm

देशभर में लगातार बढ़ती महंगाई के बीच आम लोगों को एक और बड़ा झटका लगा है। सोमवार सुबह तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में फिर इजाफा कर दिया। नई दरों के अनुसार पेट्रोल 2.61 रुपये प्रति लीटर और डीजल 2.71 रुपये प्रति लीटर महंगा हो गया है। पिछले 10 दिनों में ईंधन के दाम बढ़ने का यह चौथा मौका है।
राजधानी पटना में अब पेट्रोल 113.37 रुपये प्रति लीटर और डीजल 99.36 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं प्रीमियम पेट्रोल XP95 की कीमत बढ़कर 122.25 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है।
डिप्टी CM विजय चौधरी ने क्या कहा?
ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर बिहार के डिप्टी उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और वैश्विक संकट का असर तेल की कीमतों पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार हालात को नियंत्रित रखने की कोशिश कर रही है ताकि आम जनता पर ज्यादा बोझ न पड़े।
उन्होंने यह भी कहा कि दुनिया के कई देशों में हालात ज्यादा गंभीर हैं, लेकिन भारत में कीमतों को सीमित रखने का प्रयास किया जा रहा है। उनके मुताबिक मौजूदा हालात में दाम बढ़ाना एक मजबूरी बन गया है।
ट्रंप और पीएम मोदी पर भी दिया बयान
डिप्टी CM ने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तारीफ किए जाने पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की सराहना पूरे देश का सम्मान है।
पप्पू यादव ने साधा निशाना
वहीं पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ी कीमतों को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोला। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि चुनाव खत्म होने के बाद लगातार ईंधन के दाम बढ़ाए जा रहे हैं और आने वाले समय में आम जनता पर महंगाई का असर और बढ़ सकता है।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जनता लगातार बढ़ती कीमतों से परेशान है, जबकि सरकार इसे सामान्य बताने में लगी हुई है।
![]()
Comments are off for this post.