Last updated: June 4th, 2026 at 06:43 am

बिहार की सड़क संपर्क व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय राजमार्ग-31 और 231 के अंतर्गत खगड़िया से पूर्णिया तक के मार्ग को चार लेन में विकसित करने की परियोजना को मंजूरी दी है। इस परियोजना के पूरा होने से पूर्वी बिहार और सीमांचल क्षेत्र में आवागमन, व्यापार और निवेश को नई गति मिलने की उम्मीद है।
बिहार के पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेंद्र ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि यह परियोजना राज्य के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ क्षेत्रीय विकास को भी बढ़ावा देगी। उन्होंने इसके लिए केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
मंत्री ने कहा कि लंबे समय से इस मार्ग पर बढ़ते यातायात दबाव, जाम और सड़क की तकनीकी चुनौतियों के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। फोरलेन निर्माण के बाद इन समस्याओं में काफी हद तक कमी आएगी और यात्रा अधिक सुरक्षित एवं सुगम हो सकेगी।
परियोजना के तहत पूर्णिया क्षेत्र में एक आधुनिक ग्रीनफील्ड बाईपास का निर्माण भी प्रस्तावित है। इससे शहर के भीतर भारी वाहनों का दबाव कम होगा और स्थानीय लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी। साथ ही खगड़िया और पूर्णिया के बीच यात्रा समय में उल्लेखनीय कमी आने की संभावना है।
सरकार का मानना है कि इस सड़क परियोजना से माल परिवहन की गति बढ़ेगी, ईंधन की बचत होगी और व्यापारिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा। इसके अलावा कृषि, उद्योग और सेवा क्षेत्र से जुड़े कारोबारियों को भी बेहतर कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा।
यह कॉरिडोर कई महत्वपूर्ण आर्थिक और औद्योगिक केंद्रों को जोड़ने का काम करेगा। इससे लॉजिस्टिक्स नेटवर्क मजबूत होगा और क्षेत्र में निवेश के नए अवसर पैदा होंगे। बेहतर सड़क संपर्क के कारण रोजगार सृजन, पर्यटन विकास और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
राज्य सरकार का कहना है कि यह परियोजना सीमांचल और पूर्वी बिहार के विकास में अहम भूमिका निभाएगी तथा आने वाले वर्षों में क्षेत्र को आर्थिक रूप से अधिक सशक्त बनाने में मददगार साबित होगी।
![]()
Comments are off for this post.