Human Live Media

HomeStateBiharसासाराम स्टेशन पर उमड़ा जनसैलाब, अमृत भारत एक्सप्रेस के स्वागत में गूंजे जयकारे

सासाराम स्टेशन पर उमड़ा जनसैलाब, अमृत भारत एक्सप्रेस के स्वागत में गूंजे जयकारे

सासाराम (रोहतास)। ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बने सासाराम रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला, जब
WhatsApp Image 2025-08-22 at 17.54.19 (1)

सासाराम (रोहतास)। ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बने सासाराम रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा गया से दिल्ली के लिए शुरू की गई अमृत भारत एक्सप्रेस पहली बार सासाराम स्टेशन पर पहुँची। ट्रेन के आगमन पर स्टेशन परिसर हजारों लोगों की भीड़ से खचाखच भर गया। स्थानीय लोगों के साथ-साथ सामाजिक कार्यकर्ता, भाजपा कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधियों ने ट्रेन का भव्य स्वागत किया।

पूर्व विधायक जवाहर प्रसाद, भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, स्थानीय समाजसेवी और रेलवे के अधिकारी इस ऐतिहासिक मौके पर उपस्थित रहे। ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर पहुँचते ही लोगों ने पुष्पवर्षा, ढोल-नगाड़ों, और “मोदी ज़िंदाबाद” के नारों के साथ उत्सव का माहौल बना दिया। इस दृश्य को सैकड़ों लोगों ने अपने मोबाइल कैमरे में कैद किया, जिसे वे आने वाले वर्षों तक यादगार के रूप में संजोए रखेंगे।

आम लोगों को बड़ी सौगात

लोगों ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि गया से दिल्ली तक चलने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस के जरिए अब सासाराम, डेहरी और भभुआ जैसे क्षेत्रों के यात्रियों को दिल्ली तक सीधा, सुलभ और किफायती रेल संपर्क उपलब्ध हो जाएगा। इससे न केवल यात्रा में समय की बचत होगी, बल्कि पहले की तुलना में अधिक सुविधा भी मिलेगी।

स्थानीय नागरिकों ने प्रधानमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि यह ट्रेन पूर्वी भारत के विकास की दिशा में एक ठोस कदम है। पहले दिल्ली तक की यात्रा के लिए लोगों को लंबा इंतजार और असुविधा का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब ये परेशानी काफी हद तक कम हो जाएगी।

नियमित परिचालन 28 अगस्त से

भारतीय रेलवे के अनुसार, अमृत भारत एक्सप्रेस (गाड़ी सं. 13697/13698) का नियमित संचालन 28 अगस्त से शुरू होगा। यह ट्रेन गया से हर रविवार और गुरुवार, जबकि दिल्ली से हर सोमवार और शुक्रवार को चलेगी।

गया से यह शाम 4:30 बजे रवाना होकर अगले दिन दोपहर 12 बजे दिल्ली पहुँचेगी। वहीं, दिल्ली से यह दोपहर 2 बजे खुलकर अगले दिन सुबह 8:55 बजे गया पहुँचेगी। रास्ते में यह ट्रेन अनुग्रह नारायण रोड, डेहरी ऑन सोन, सासाराम, भभुआ रोड, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, प्रयागराज, कानपुर, टूंडला और गाज़ियाबाद जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी।

आधुनिक कोच और सुविधाएं

इस ट्रेन में कुल 22 आधुनिक कोच हैं, जिसमें 8 शयनयान (Sleeper), 11 सामान्य श्रेणी, 1 पैंट्रीकार और 2 एसएलआर कोच शामिल हैं। रेलवे के अनुसार, यह ट्रेन आधुनिक तकनीक से लैस है और यात्रियों को कम किराए में बेहतर सेवा देने के उद्देश्य से शुरू की गई है।

विकास का नया अध्याय

अमृत भारत एक्सप्रेस के आगमन के साथ सासाराम और आसपास के क्षेत्रों में रेल सेवा के एक नए युग की शुरुआत हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह ट्रेन केवल एक नया साधन नहीं, बल्कि सरकार द्वारा आम जनता के लिए दी गई एक बड़ी सौगात है।

स्टेशन पर उमड़ी भारी भीड़, जनता की उत्साही भागीदारी और अभूतपूर्व स्वागत इस बात का प्रमाण है कि सरकारी योजनाएं जब जमीन पर उतरती हैं, तो आम जनमानस में उम्मीद और विश्वास का संचार होता है।

Loading

No Comments