Last updated: December 13th, 2025 at 05:07 am

सासाराम/रोहतास। रोहतास जिले से एक नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। घटना बीती रात नासरीगंज थाना क्षेत्र के तरांव गांव की बताई जाती है और मृतका की पहचान 12 वर्षीय अनामिका राज के रूप में हुई है। वहीं घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और सभी का रो-रो कर बुरा हाल है।
*ट्यूशन से घर लौटने के दौरान किया अगवा*
घटना के संदर्भ में परिजन सुधाकर सिंह ने बताया कि गुरुवार की शाम बेटी अपने छोटे भाई के साथ घर से ट्यूशन पढ़ने के लिए गई थी, लेकिन पहले छुट्टी होने के कारण छोटा भाई घर आ गया और बच्ची करीब सात बजे अकेली घर आ रही थी, तभी रास्ते में कुछ अज्ञात लोगों ने अगवा कर उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम देते हुए उसकी हत्या कर दी। हालांकि परिजनों ने किसी भी तरह के विवाद की बात से इनकार किया है और पूरा परिवार सदमे में है।
*सूचना पर पहुंची पुलिस जांच में जुटी*
वहीं घटना की सूचना मिलते हीं मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया। फिलहाल पुलिस अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज कर मामले की सूक्ष्मता से जांच में जुटी है और हर एंगल से जांच की जा रही है। मृतका के गले पर पड़े निशान को देखते हुए गला दबाकर हत्या की आशंका जताई जा रही है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हीं मामले का पूरी तरह खुलासा होगा।*
![]()
No Comments