Last updated: October 12th, 2025 at 06:26 am

रोहतास (प्रखंड समाहरणालय) : आगामी विधान सभा आम निर्वाचन 2025 के सफल और पारदर्शी संचालन को लेकर जिला निर्वाचन व्यय कोषांग के वरीय पदाधिकारी-सह-उप विकास आयुक्त, रोहतास की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित जनता दरबार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन व्यय लेखा कोषांग के विभिन्न दलों यथा स्टैटिक सर्विलांस टीम, लेखा जांच दल, वीडियो व्यूविंग टीम, स्थैतिक निगरानी दल एवं सहायक व्यय प्रेक्षक को उनके कर्तव्य एवं दायित्वों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
बैठक में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों की विस्तृत जानकारी सभी दलों को उपलब्ध कराई गई। सहायक व्यय प्रेक्षक को यह निर्देश दिया गया कि वे व्यय प्रेक्षक को सभी आवश्यक सहयोग प्रदान करेंगे तथा चुनाव आयोग के निदेशानुसार व्यय प्रेक्षक के सभी रिपोर्ट समय पर संधारित कर उन्हें उपलब्ध कराएँ। साथ ही, सभी लेखांकन दलों के साथ समन्वय स्थापित कर छाया प्रेषण पंजी का संधारण और लेखा जांच की निर्धारित तिथि पर अनुश्रवण सुनिश्चित करना होगा।
स्टैटिक सर्विलांस टीम को बताया गया कि वे चेक पोस्ट पर 24×7 पालीवार जांच करेंगे। टीम के मजिस्ट्रेट को निर्देशित किया गया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन करते हुए संघन तलाशी सुनिश्चित करें तथा जांच के दौरान सौम्य व्यवहार बनाए रखें ताकि किसी भद्र नागरिक को कोई असुविधा न हो। जांच के दौरान जब्ती से संबंधित आंकड़े ESMS में समय पर दर्ज करना अनिवार्य होगा।
स्थैतिक निगरानी दल को यह जिम्मेदारी सौंपी गई कि वे एकल विंडो से प्राप्त अनुमति के आधार पर सभी नुक्कड़ सभा, रैली और रोड शो की सम्यक वीडियो रिकार्डिंग सुनिश्चित करें। वहीं, वीडियो सर्विलांस टीम को निर्देश दिया गया कि रिकार्डिंग इस प्रकार हो कि सभा, रैली, रोड शो का स्थान, समय, तिथि और प्रयुक्त सभी सामग्री स्पष्ट रूप से परिलक्षित हो। ये टीम अपना प्रतिवेदन B-15 में वीडियो व्यूविंग टीम को समय पर हस्तगत करेगी।
वीडियो व्यूविंग टीम को बताया गया कि वे स्थैतिक निगरानी दल से समन्वय स्थापित कर वीडियो का अवलोकन करेंगे और अपना क्यू-शीट समय पर लेखा दल को उपलब्ध कराएंगे। लेखा दल को निर्देशित किया गया कि चुनाव के दौरान अभ्यर्थियों के व्यय पंजी की तीन बार जांच सुनिश्चित की जाएगी। इसके साथ ही, वीडियो व्यूविंग टीम और अन्य स्रोतों से प्राप्त खर्चे एकत्र कर छाया प्रेषण पंजी में दर्ज किए जाएँगे तथा फोल्डर ऑफ एविडेंस का संधारण भी सुनिश्चित होगा।
लेखा जांच की निर्धारित तिथि पर छाया प्रेषण पंजी से अभ्यर्थी के व्यय पंजी का मिलान कर सटीक लेखा जांच सुनिश्चित की जाएगी। लेखा जांच दल द्वारा जांच के उपरांत अभ्यर्थियों के व्यय पंजी को भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर अपलोड कराना सुनिश्चित किया जाएगा।
इस बैठक में सभी संबंधित दलों ने सक्रिय सहभागिता निभाई और आगामी विधानसभा चुनाव 2025 की सुपरविजन और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
![]()
No Comments