Last updated: December 25th, 2025 at 09:13 am

सासाराम।
शहर को अतिक्रमण से मुक्त कराने के उद्देश्य से सासाराम में गुरुवार को प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया। पोस्ट ऑफिस चौराहे से लेकर आसपास के इलाकों में सैकड़ों अवैध दुकानों और ठेलों को हटाया गया। अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और फुटपाथ दुकानदार अपने ठेले व सामान लेकर इधर-उधर भागते नजर आए।
प्रशासन की इस कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल व नगर निगम की टीम मौजूद रही। बुलडोजर चलने से मुख्य मार्गों पर लंबे समय से जमे अतिक्रमण हटाए गए, जिससे यातायात व्यवस्था को भी काफी हद तक सुचारु किया गया। अधिकारियों के अनुसार, बार-बार चेतावनी के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर यह कदम उठाया गया।
इधर, जिलाधिकारी उदिता सिंह ने गुरुवार को आयोजित बैठक में स्पष्ट किया कि पोस्ट ऑफिस चौक और उसके आसपास के क्षेत्रों को नो-वेंडिंग जोन घोषित किया गया है। उन्होंने नगर निगम को निर्देश दिया कि आगामी पांच दिनों के भीतर सख्ती से विशेष अभियान चलाकर अवैध वेंडिंग को पूरी तरह हटाया जाए। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों से जुर्माना वसूलने का भी निर्देश दिया गया।
डीएम ने कहा कि शहर में अतिक्रमण के कारण यातायात जाम, दुर्घटनाओं और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में प्रशासन की प्राथमिकता शहर को व्यवस्थित और सुगम बनाना है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में बिना अनुमति किसी भी तरह का ठेला, दुकान या अस्थायी निर्माण पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस सख्ती से जहां एक ओर स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है, वहीं फुटपाथ दुकानदारों में नाराजगी भी देखने को मिली। अधिकारियों का कहना है कि नियमों के तहत वेंडिंग जोन निर्धारित कर दुकानदारों को वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराने पर भी विचार किया जा रहा है।
अभियान के दौरान शांति-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी। प्रशासन ने संकेत दिया है कि यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
![]()
No Comments