Last updated: October 4th, 2025 at 03:32 pm

आरा/सासाराम। बिहार विधानसभा चुनाव से ठीक पहले शाहाबाद पुलिस प्रक्षेत्र में बड़े पैमाने पर पुलिस पदाधिकारियों का फेरबदल किया गया है। शाहाबाद के डीआईजी डॉ. सत्य प्रकाश ने पुलिस मुख्यालय एवं चुनाव आयोग के निर्देश पर प्रक्षेत्र के चारों जिलों—रोहतास, भोजपुर, बक्सर और कैमूर—में कार्यरत 143 पुलिस पदाधिकारियों का ट्रांसफर कर दिया। इनमें पुलिस अवर निरीक्षक और सहायक पुलिस निरीक्षक स्तर के अधिकारी शामिल हैं। सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से स्थानांतरित जिला बल में योगदान करने का निर्देश दिया गया है।
डीआईजी ने स्पष्ट किया कि चुनाव आयोग की सख्त हिदायत है कि गृह जिले में लंबे समय से पदस्थापित पुलिस अधिकारियों को चुनावी कार्यकाल के दौरान अन्य जिलों में भेजा जाए, ताकि निष्पक्ष माहौल में चुनाव कराया जा सके। इसी क्रम में शाहाबाद प्रक्षेत्र के चारों जिलों से बड़ी संख्या में अधिकारियों का तबादला किया गया है।
जानकारी के अनुसार, कैमूर जिले के 20, भोजपुर जिले के 66, बक्सर जिले के 25 और रोहतास जिले के 32 पुलिस पदाधिकारियों को अन्य जिलों में भेजा गया है। इस फेरबदल को लेकर पुलिस महकमे में हलचल मची हुई है। अधिकारियों के अनुसार, यह तबादला चुनावी दृष्टिकोण से बेहद अहम माना जा रहा है।
रोहतास से 32 पुलिसकर्मी हुए इधर-उधर
रोहतास जिले से कुल 32 पुलिस अधिकारियों का तबादला किया गया है। इनमें अवर निरीक्षक नुमान खान, अरुण कुमार सिंह, राधेश्याम राम, हरेंद्र सिंह, गायत्री तिवारी, हंसराज राम, विक्रमा राम, लालमुनी देवी, महेंद्र तिवारी, मोहम्मद असगर अली, जिया-उल-हक खान, बैरिस्टर तिवारी, कामता राम, बैरिस्टर पाल, सुदामा चौबे, रविंद्र कुमार सिंह, बाबूराम सिंह, महेंद्र नाथ सिंह, मुजफ्फर इमाम, सर्वजीत शर्मा, शिवकुमार राय, सीता कुमारी, गंगा सागर चौधरी, परशुराम सिंह, अवध बिहारी पाठक और दिनेश्वर प्रसाद को बक्सर भेजा गया है।
वहीं, अवर निरीक्षक प्रमोद तिवारी, दयाशंकर पाठक, मंजर आलम सिद्दीकी, लक्ष्मण सिंह, सुरेंद्र राय और ओमप्रकाश राम को भोजपुर जिले में स्थानांतरित किया गया है।
कैमूर, भोजपुर और बक्सर से भी बड़ी संख्या में अधिकारी बदले गए
कैमूर जिले से 20, भोजपुर जिले से 66 और बक्सर जिले से 25 पुलिस अधिकारियों का भी इसी क्रम में तबादला किया गया है। सूत्रों का कहना है कि आगामी विधानसभा चुनाव में सुरक्षा व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने और पुलिस व्यवस्था को निष्पक्ष बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है।
चुनावी रणनीति में अहम कड़ी
शाहाबाद प्रक्षेत्र का चारों जिला चुनावी दृष्टि से बेहद संवेदनशील माना जाता है। भोजपुर और बक्सर में जहां राजनीतिक प्रतिस्पर्धा हमेशा तीखी रहती है, वहीं रोहतास और कैमूर में भी कई विधानसभा सीटों पर कड़ा मुकाबला होता है। ऐसे में पुलिस पदाधिकारियों का यह महाकुंभ चुनावी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।
चुनाव आयोग का मानना है कि गृह जिले में लंबे समय तक पदस्थापित अधिकारी स्थानीय दबाव और समीकरणों से प्रभावित हो सकते हैं, जिससे निष्पक्ष चुनाव प्रभावित होने की आशंका रहती है। इसी कारण इस बार बड़े पैमाने पर पुलिस पदाधिकारियों की अदला-बदली की गई है।
अधिकारियों को मिली सख्त हिदायत
डीआईजी डॉ. सत्य प्रकाश ने बताया कि स्थानांतरित सभी अधिकारियों को तत्काल नए जिला बल में योगदान देने का आदेश दिया गया है। आदेश की अवहेलना पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
इस फेरबदल के बाद अब चारों जिलों की पुलिस व्यवस्था में नए चेहरे जिम्मेदारी संभालेंगे। यह बदलाव चुनावी तैयारी के लिहाज से कितना असरदार साबित होगा, यह आने वाले दिनों में साफ हो जाएगा।
![]()
No Comments