Last updated: December 25th, 2025 at 11:07 am

सासाराम।
समाहरणालय रोहतास में सोमवार को जिला पदाधिकारी रोहतास श्रीमती उदिता सिंह की अध्यक्षता में सासाराम शहर में लगातार लग रहे सड़क जाम की समस्या के समाधान को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्ट्रीट वेंडिंग व्यवस्था, ऑटो/टोटो परिचालन, पार्किंग, सड़क प्रकाश व्यवस्था एवं यातायात सुधार को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में पुलिस अधीक्षक रोहतास, जिला परिवहन पदाधिकारी, यातायात डीएसपी, अनुमंडल पदाधिकारी सासाराम सहित नगर प्रशासन, परिवहन एवं यातायात विभाग के सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
पोस्ट ऑफिस चौक नो वेंडिंग जोन
बैठक में जिला पदाधिकारी ने पोस्ट ऑफिस चौक को नो वेंडिंग जोन घोषित करते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि इस क्षेत्र में किसी भी प्रकार की स्ट्रीट वेंडिंग की अनुमति नहीं होगी। नगर प्रशासन को पांच दिनों के भीतर सख्त अभियान चलाकर अवैध वेंडिंग हटाने तथा नियम उल्लंघन पर जुर्माना वसूलने का निर्देश दिया गया।
वेंडरों के लिए नया जोन चिन्हित
स्ट्रीट वेंडरों की आजीविका को ध्यान में रखते हुए नए वेंडिंग जोन को चिन्हित किया गया है। नगर निगम को वहां साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था एवं आवश्यक बुनियादी सुविधाएं एक सप्ताह के भीतर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया, ताकि यातायात भी बाधित न हो और वेंडरों का रोजगार भी सुरक्षित रहे।
भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सख्ती
जहां पैदल यात्रियों, वाहनों एवं वेंडिंग का अत्यधिक दबाव है, उन क्षेत्रों को नो वेंडिंग जोन घोषित करते हुए किसी भी प्रकार की दुकान या ठेला लगाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्देश दिया गया।
यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश
जिला पदाधिकारी ने ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने, भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष निगरानी रखने तथा बस स्टैंड क्षेत्र में ऑटो परिचालन को सुव्यवस्थित करने के निर्देश दिए। बस स्टैंड क्षेत्र को जाम मुक्त रखने के लिए आवश्यकतानुसार ऑटो शिफ्टिंग की योजना तैयार करने को कहा गया।
वन-वे, डायवर्जन और सड़क प्रकाश पर जोर
संवेदनशील सड़कों पर वन-वे ट्रैफिक लागू करने एवं वैकल्पिक मार्ग विकसित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही जीटी रोड सहित शहर की प्रमुख सड़कों पर खराब स्ट्रीट लाइट को अविलंब दुरुस्त करने को कहा गया, ताकि रात्रि में यातायात सुरक्षित और सुचारु रहे।
सख्त कार्रवाई के निर्देश
प्रमुख चौराहों एवं मार्गों पर ट्रैफिक साइनज और सूचना बोर्ड लगाने का निर्देश आरसीडी एवं नगर प्रशासन को दिया गया। जिलाधिकारी ने हेलमेट, सीट बेल्ट, नो-पार्किंग, ओवरलोडिंग एवं गलत दिशा में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए नियमित जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए।
जनता से सहयोग की अपील
जिला पदाधिकारी श्रीमती उदिता सिंह ने कहा कि सासाराम शहर को जाम मुक्त, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने आम नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित स्थानों पर ही वाहन पार्क करने और प्रशासन द्वारा की जा रही व्यवस्थाओं में सहयोग करने की अपील की।
![]()
No Comments