Last updated: December 16th, 2025 at 05:58 am

कोचस : कोचस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के मीटिंग हॉल में सोमवार को परिवार नियोजन को लेकर आशा एवं एएनएम के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य क्षेत्र में परिवार नियोजन सेवाओं को मजबूत करना और आम लोगों तक सही जानकारी पहुंचाना रहा।
इस संबंध में जानकारी देते हुए चिकित्सा प्रभारी पदाधिकारी डॉ. तुषार कुमार ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान आशा और एएनएम को परिवार नियोजन से जुड़ी सभी आवश्यक जानकारियां दी गईं। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा निःशुल्क उपलब्ध कराए जा रहे परिवार नियोजन संसाधन जैसे कंडोम, अंतरा इंजेक्शन, छाया गोली सहित अन्य साधनों के उपयोग, लाभ और सावधानियों के बारे में विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया।
डॉ. कुमार ने बताया कि परिवार नियोजन अपनाने से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में सुधार होता है, साथ ही परिवार की सामाजिक और आर्थिक स्थिति भी सुदृढ़ होती है। प्रशिक्षण के माध्यम से यह भी बताया गया कि योग्य दंपतियों की पहचान कर उन्हें उचित परामर्श कैसे दिया जाए और उन्हें सरकारी योजनाओं से कैसे जोड़ा जाए।
कार्यक्रम में जिला से आए प्रशिक्षकों द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) को भी परिवार नियोजन से संबंधित प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित कर प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि इस प्रशिक्षण के बाद आशा, एएनएम और सीएचओ क्षेत्र में परिवार नियोजन कार्यक्रम को और अधिक प्रभावी ढंग से लागू कर सकेंगे, जिससे जनसंख्या स्थिरीकरण के लक्ष्य को हासिल करने में मदद मिलेगी।
![]()
No Comments