Last updated: September 3rd, 2026 at 08:11 am

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पूर्व नौकरशाह आशीष जोशी से बुधवार को कई घंटे तक पूछताछ की। उन्हें नेहरू पार्क में मॉर्निंग वॉक के दौरान पुलिस ने हिरासत में लिया था, जिसके बाद न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी स्थित काउंटर-इंटेलिजेंस यूनिट के कार्यालय ले जाया गया। पूछताछ करीब आठ घंटे से अधिक चली और शाम को पुलिस उन्हें आरके पुरम स्थित उनके आवास पर छोड़कर गई।
स्पेशल सेल की एफआईआर से जुड़ा है मामला
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, स्पेशल सेल ने दो दिन पहले एक एफआईआर दर्ज की थी। जांच के दौरान आशीष जोशी के कुछ कथित कनेक्शन सामने आने के बाद उनसे पूछताछ की जरूरत महसूस हुई।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि जोशी ने जांच में सहयोग किया और पूछताछ पूरी होने के बाद उन्हें जाने दिया गया। हालांकि, पुलिस ने एफआईआर की प्रकृति और उसमें दर्ज आरोपों से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है।
मॉर्निंग वॉक के दौरान हिरासत में लिए जाने का दावा
आशीष जोशी के दोस्तों के अनुसार, बुधवार सुबह वह नेहरू पार्क में मॉर्निंग वॉक के लिए गए थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया और पूछताछ के लिए काउंटर-इंटेलिजेंस यूनिट के कार्यालय पहुंचाया। पूछताछ खत्म होने के बाद पुलिस टीम उन्हें उनके घर छोड़ गई।
आशीष जोशी ने सोशल मीडिया पर बताई अपनी बात
पूछताछ के बाद आशीष जोशी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी स्थिति को लेकर पोस्ट किया। उन्होंने बताया कि शाम को वह घर लौट आए हैं और दिल्ली स्पेशल सेल की टीम उन्हें घर छोड़कर गई।
जोशी ने दावा किया कि सुबह की सैर के बाद उन्हें पूछताछ के लिए ले जाया गया था और शुरुआत में बताया गया था कि इसमें ज्यादा समय नहीं लगेगा। उनके मुताबिक, उन्होंने कई बार अपनी पत्नी को अपनी लोकेशन की जानकारी देने का अनुरोध किया, लेकिन अधिकारियों ने निर्देशों का पालन करने की बात कही।
उन्होंने बताया कि शाम करीब 6:38 बजे उन्हें फोन करने की अनुमति मिली। जोशी के अनुसार, इस दौरान उनके परिवार और परिचितों में चिंता बनी रही।
परिवार को सूचना देने की प्रक्रिया पर उठाया सवाल
आशीष जोशी ने दिल्ली पुलिस आयुक्त से अपील की कि पूछताछ के लिए किसी व्यक्ति को ले जाने की स्थिति में उसके परिवार को समय पर जानकारी देने की प्रक्रिया को लेकर पुलिस इकाइयों को स्पष्ट निर्देश दिए जाएं।
उन्होंने कहा कि इससे भविष्य में किसी अन्य व्यक्ति के परिवार को ऐसी परेशानी का सामना न करना पड़े।
मार्च 2026 में हुए थे सेवानिवृत्त
आशीष जोशी इंडियन पोस्ट्स एंड टेलीकम्युनिकेशन्स, अकाउंट्स एंड फाइनेंस सर्विस के ग्रुप ‘A’ के सेवानिवृत्त अधिकारी हैं। वह 31 मार्च 2026 को केंद्र सरकार में एडिशनल सेक्रेटरी रैंक से सेवानिवृत्त हुए थे।
जोशी इससे पहले भी सार्वजनिक विवादों में रहे हैं। वर्ष 2019 में दूरसंचार विभाग ने उन्हें निलंबित किया था। उस समय उन्होंने एक विवादित वीडियो को लेकर कपिल मिश्रा के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की थी।
हाल के दिनों में जंतर-मंतर के विरोध प्रदर्शनों को लेकर भी उन्होंने सोशल मीडिया पर सरकार के रुख पर सवाल उठाया था। 13 अगस्त की उनकी एक पोस्ट को कानूनी मांग के चलते भारत में रोक दिए जाने की जानकारी सामने आई थी।
![]()
Comments are off for this post.