Last updated: December 8th, 2025 at 06:43 pm

कोचस (रोहतास)। महादलित, दलित, अल्पसंख्यक एवं अति पिछड़ा वर्ग अक्षर आंचल योजना के तहत बुनियादी साक्षरता महा परीक्षा का आयोजन रविवार 07 दिसंबर 2025 को कोचस प्रखंड में सफलतापूर्वक किया गया। इस परीक्षा में 15 से 45 वर्ष आयु वर्ग की उन नवसाक्षर महिलाओं ने भाग लिया, जो किसी कारणवश अब तक बुनियादी शिक्षा से वंचित रह गई थीं। परीक्षा पूरी तरह निःशुल्क आयोजित की गई।
परीक्षा में पढ़ना-लिखना और गणित विषय के 50-50 अंकों की परीक्षा ली गई। परीक्षा में सफल महिलाओं को बुनियादी साक्षरता का प्रमाण पत्र भी प्रदान किया जाएगा। इस महा परीक्षा का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना, अंधविश्वास दूर करना, मतदान के प्रति जागरूक करना, अपने अधिकारों की जानकारी देना, सरकारी योजनाओं से जोड़ना तथा अंगूठा लगाने जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त कर हस्ताक्षर करने के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम समन्वयक आरपी दुर्गा प्रसाद चौरसिया ने बताया कि कोचस प्रखंड में कुल 18 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जिनमें 41 साक्षरता केंद्र शामिल थे। इस महा परीक्षा में 1512 महिलाओं को शामिल करने का लक्ष्य रखा गया था, जिसमें से 1468 महिलाएं परीक्षा में सम्मिलित हुईं। इनमें महादलित वर्ग की 1068, दलित वर्ग की 233 एवं अल्पसंख्यक एवं अति पिछड़ा वर्ग की 167 महिलाएं शामिल रहीं। घरेलू कार्यों और खेती-बाड़ी की व्यस्तता के बावजूद महिलाओं में परीक्षा को लेकर उत्साह और जागरूकता देखने को मिली।
परीक्षा में भाग लेने वाली महिलाओं में सीता देवी, रीना देवी, दुर्गावती देवी, वृंदा देवी, सरिता देवी, बिंदु देवी, नाजमा खातून, सलमा खातून, सायरा बेगम, सबनम खातून, रजिया खातून, लकिया देवी, सीमा देवी, मंजू देवी, रेणु देवी, प्रभा देवी, उषा देवी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल रहीं।
परीक्षा का आयोजन मध्य विद्यालय नरवर, परसिया, डोईया, चिताव, सरैया, लहेरी, डेवरिया, गारा, कपसिया, अगरसिडिहरा, कथराई, कुछिला, राजकीय कस्तूरबा मध्य विद्यालय कोचस तथा प्राथमिक विद्यालय लतरा, चितैनी, ओझवलिया, डढावं सहित कुल 18 केंद्रों पर किया गया। इनमें दो केंद्रों को आदर्श केंद्र के रूप में विकसित किया गया, जिन्हें बैलून एवं बैनर से सजाया गया था।
यह परीक्षा सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक शांतिपूर्ण ढंग से चली। पूरे आयोजन में शिक्षा सेवकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सहयोग देने वालों में मनोज कुमार, रूबी कुमारी, रंजू कुमारी, रीता कुमारी, सुनील कुमार, अशोक कुमार, अक्षय कुमार राम, उपेंद्र कुमार, मंगल बैद्य, सोहराम बैद्य, सत्येंद्र कुमार, रविंद्र कुमार, विकास कुमार, कंचन कुमारी, सुभाष चंद्र बोस, संजय कुमार, रंगलाल राम, मनोज चक्रवर्ती सहित कई शिक्षक व कार्यकर्ता शामिल रहे।
बुनियादी साक्षरता महा परीक्षा के सफल आयोजन से क्षेत्र की महिलाओं के शैक्षणिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
![]()
No Comments