Last updated: February 25th, 2026 at 05:03 pm

कोलकाता। बांग्लादेशी नागरिक होने के संदेह में कर्नाटक से हिरासत में लिए गए 18 लोगों को मंगलवार शाम पुलिस टीम दुरंतो एक्सप्रेस से हावड़ा लेकर पहुंची। इन लोगों में पुरुषों और महिलाओं के साथ तीन बच्चे भी शामिल हैं। सभी को आगे की कानूनी प्रक्रिया के तहत विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण अधिकारी (FRRO) के समक्ष पेश किया जाएगा।
बेंगलुरु में चला था सर्च ऑपरेशन
कर्नाटक पुलिस के एक डीएसपी रैंक के अधिकारी के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाकर इन लोगों को बेंगलुरु के अलग-अलग इलाकों से पकड़ा गया। पुलिस के मुताबिक, ये लोग शहर की विभिन्न बस्तियों में रहकर कबाड़ बीनने का काम कर रहे थे और लंबे समय से अवैध रूप से निवास कर रहे थे।
सीमा पार कर आने का शक
प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को संदेह है कि सभी लोग बांग्लादेशी मूल के हैं। बताया जा रहा है कि अंतरराष्ट्रीय सीमा अवैध रूप से पार कर ये पश्चिम बंगाल के रास्ते बेंगलुरु पहुंचे थे। पूछताछ के दौरान ये अपने दस्तावेजों और पहचान के संबंध में संतोषजनक जानकारी नहीं दे पाए।
आगे क्या होगी कार्रवाई?
सभी संदिग्धों को अब Foreigners Regional Registration Office के समक्ष पेश किया जाएगा। यदि जांच में इनके बांग्लादेशी नागरिक होने की पुष्टि होती है, तो विधिक प्रक्रिया पूरी कर उन्हें उनके देश वापस भेजने की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस और संबंधित एजेंसियां दस्तावेजों की जांच और पहचान सत्यापन की प्रक्रिया में जुटी हुई हैं। मामले को लेकर सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हैं।
![]()
Comments are off for this post.