Last updated: October 11th, 2025 at 01:53 am

सासाराम (रोहतास) – बिहार विधानसभा आम चुनाव-2025 के मद्देनजर आज 09 अक्टूबर 2025 को निर्धारित प्रशिक्षण कैलेंडर के अनुसार सभी प्रतिनियुक्त मास्टर ट्रेनरों का विशेष प्रशिक्षण डीएवी, अदमापुर, सासाराम में आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन सुपर मास्टर ट्रेनर द्वारा किया गया और इसमें चुनाव प्रक्रिया की बारीकियों से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनरों को ईवीएम हैंड्स-ऑन अभ्यास कराते हुए मतदान मशीन के प्रयोग और सभी आवश्यक प्रपत्रों को भरने की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के उपरांत जिला पदाधिकारी महोदया ने सभी मास्टर ट्रेनरों को संबोधित करते हुए उन्हें चुनाव प्रक्रिया, नियम एवं कार्यों की व्यापक जानकारी दी।
जिला पदाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि प्रशिक्षण के दौरान मतदान कर्मियों को मतदान प्रारंभ होने से पूर्व मॉक पोलिंग करानी होगी और मतदान प्रारंभ होने से पहले सभी डाटा को अनिवार्य रूप से डिलीट करना होगा। इसके अलावा, उन्होंने यह निर्देश भी दिए कि मतदान प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद वीटीआर (VTR) का डेटा मतदान केंद्र पर ही पोर्टल पर अपलोड करने के उपरांत ही ईवीएम को बज्रगृह में जमा किया जाएगा।
जिला पदाधिकारी ने सभी मास्टर ट्रेनरों को यह भी निर्देशित किया कि वे अपने प्रशिक्षण के दौरान मतदान कर्मियों को इन नियमों एवं निर्देशों की जानकारी विस्तार से दें, ताकि चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और सुचारू रूप से संपन्न हो।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनरों ने सक्रिय भागीदारी दिखाई और कहा कि उन्हें मतदान प्रक्रिया की बारीकियों की जानकारी मिलने से आगामी चुनाव में अपने कार्यों को सही और समय पर संपन्न करने में मदद मिलेगी।
प्रशिक्षण का यह कार्यक्रम जिले में चुनाव की तैयारियों को और मजबूत करने तथा मतदान प्रक्रिया को पूरी तरह से सुरक्षित और पारदर्शी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
![]()
No Comments