Last updated: November 24th, 2026 at 08:41 am

बिहार में मंगलवार की सुबह लोगों की नींद के बीच अचानक धरती हिलने लगी। राजधानी पटना समेत राज्य के कई जिलों में भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। दरभंगा, सुपौल, अररिया, शिवहर, बेगूसराय और सिवान सहित कई इलाकों में कंपन का एहसास होने के बाद लोगों के बीच हलचल मच गई। हालांकि, झटके कुछ सेकंड तक ही महसूस हुए और फिलहाल किसी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर सामने नहीं आई है।
जानकारी के मुताबिक, भूकंप का केंद्र नेपाल में था, लेकिन इसका असर बिहार के कई जिलों में भी महसूस किया गया। भारत के अलावा नेपाल, भूटान, बांग्लादेश और चीन के कुछ हिस्सों में भी धरती में कंपन की जानकारी सामने आई है।
सुबह 7 बजे के आसपास महसूस हुए झटके
दरभंगा में सुबह करीब 7 बजकर 5 मिनट पर लोगों ने भूकंप के हल्के झटके महसूस किए। स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार, धरती में करीब 2 से 3 सेकंड तक कंपन हुआ। झटकों की अवधि कम होने के कारण कई लोगों को इसका एहसास भी देर से हुआ। हालांकि, अचानक हुए इस कंपन ने सुबह-सुबह लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
नेपाल में 5.4 तीव्रता का भूकंप
न्यूज एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, नेपाल के कोशी प्रांत में लेलेप के पास मंगलवार सुबह करीब 7 बजकर 2 मिनट पर 5.4 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। इस भूकंप के झटके भारत, नेपाल, भूटान, बांग्लादेश और चीन के कुछ हिस्सों में महसूस किए गए। पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में भी लोगों ने कंपन महसूस होने की जानकारी दी।
बिहार में फिलहाल नुकसान की खबर नहीं
नेपाल में आए भूकंप का असर बिहार के कई हिस्सों में देखने को मिला। पटना से लेकर सीमावर्ती जिलों तक लोगों ने धरती हिलने का अनुभव किया। सुबह के समय अचानक आए झटकों के बाद लोग एक-दूसरे से इसकी जानकारी लेते नजर आए। राहत की बात यह है कि फिलहाल बिहार के किसी भी जिले से किसी के हताहत होने या संपत्ति को नुकसान पहुंचने की सूचना नहीं मिली है। फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है। हालांकि, भूकंप के झटके महसूस होने के बाद लोगों के बीच इसकी चर्चा बनी हुई है।
![]()
Comments are off for this post.