Last updated: August 29th, 2026 at 09:24 am

पटना: बिहार सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर एक और अहम बदलाव करते हुए छह आईएएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से शुक्रवार को जारी अधिसूचना में अधिकारियों की नई तैनाती की जानकारी दी गई है। इस फेरबदल में नवादा और कैमूर की उप विकास आयुक्त (DDC) भी शामिल हैं।
उज्ज्वल कुमार सिंह को ग्रामीण विकास विभाग में जिम्मेदारी
2011 बैच के आईएएस अधिकारी उज्ज्वल कुमार सिंह, जो पशुपालन विभाग में निदेशक के पद पर कार्यरत थे, अब ग्रामीण विकास विभाग में विशेष सचिव की जिम्मेदारी संभालेंगे।
वहीं, 2012 बैच के आईएएस अधिकारी श्रीकांत शास्त्री को पशुपालन विभाग का नया निदेशक बनाया गया है। वह फिलहाल पदस्थापन की प्रतीक्षा में थे। इससे पहले श्रीकांत शास्त्री बेगूसराय के जिलाधिकारी के रूप में कार्य कर चुके हैं।
विवेक रंजन मैत्रेय को जनसंपर्क विभाग में जिम्मेदारी
2017 बैच के आईएएस अधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय को सूचना एवं जनसंपर्क विभाग में अपर सचिव नियुक्त किया गया है। मैत्रेय सीवान के जिलाधिकारी की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। इसके अलावा 2018 बैच के आईएएस अधिकारी नितिन कुमार सिंह को माध्यमिक शिक्षा विभाग का निदेशक बनाया गया है। नितिन कुमार सिंह भी फिलहाल पदस्थापन की प्रतीक्षा में थे।
नवादा और कैमूर की DDC को भी नई पोस्टिंग
प्रशासनिक बदलाव में नवादा की डीडीसी नीलिमा साहू को भी नई जिम्मेदारी मिली है। 2021 बैच की आईएएस अधिकारी नीलिमा साहू को स्वास्थ्य विभाग में संयुक्त सचिव बनाया गया है।
वहीं, कैमूर की डीडीसी दिव्या शक्ति को उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग का आयुक्त नियुक्त किया गया है। 2022 बैच की आईएएस अधिकारी दिव्या शक्ति इससे पहले पटना में भी महत्वपूर्ण पद पर काम कर चुकी हैं।
हालिया तबादलों के बाद एक और फेरबदल
बिहार सरकार का यह फैसला ऐसे समय आया है, जब राज्य में कुछ दिन पहले ही कई आईएएस और आईपीएस अधिकारियों के स्तर पर बड़े प्रशासनिक बदलाव किए गए थे। ताजा तबादले के बाद अब छह अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
![]()
Comments are off for this post.