Last updated: October 17th, 2026 at 10:59 am
बिहार में कानून-व्यवस्था को लेकर जारी बहस के बीच राज्य सरकार के मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा का एक बयान चर्चा में आ गया है। क्षत्रिय कल्याण संगठन के प्रदेश अध्यक्ष दिवंगत रामकुमार सिंह के परिजनों से मुलाकात के दौरान मंत्री ने कहा, “बिहार में हत्या होते रहती है, हत्या तो होगा, क्या कीजिएगा।” उनके इस बयान पर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, मंत्री ने साथ ही मामले में सख्त कार्रवाई का भरोसा भी दिया।
हत्या के मामले में कार्रवाई का दिया भरोसा
भगवान सिंह कुशवाहा रामकुमार सिंह के परिवार से मिलने पहुंचे थे। इसी दौरान हत्या की घटनाओं को लेकर उन्होंने कहा कि बिहार में ऐसी घटनाएं होती रहती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले में ऐसी कार्रवाई होगी, जिसकी किसी ने कल्पना नहीं की होगी और किसी को चिंता करने की जरूरत नहीं है।
मंत्री के मुताबिक, उन्होंने मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक से लेकर जोनल आईजी तक के अधिकारियों से बातचीत की है। उन्होंने अपराध की घटनाओं में चूक होने की बात भी कही। ऐसे में उनके बयान का वह हिस्सा, जिसमें उन्होंने हत्या की घटनाओं को सामान्य रूप में पेश किया, चर्चा का विषय बन गया है।
सुबह टहलने निकले थे रामकुमार सिंह, गोली मारकर हत्या
क्षत्रिय कल्याण संगठन के प्रदेश अध्यक्ष रामकुमार सिंह की गुरुवार सुबह आरा में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात शहर के नवादा थाना क्षेत्र में महाराजा हाता-स्टेशन रोड पर जैन कॉलेज के पास हुई।
मिली जानकारी के अनुसार, करीब 70 वर्षीय रामकुमार सिंह सुबह घर से टहलने निकले थे। इसी दौरान हथियारबंद हमलावरों ने उन पर कई गोलियां चलाईं। गंभीर रूप से घायल रामकुमार सिंह को स्थानीय लोग अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटनास्थल से मिले खोखे, परिवार में शोक
घटना के बाद घटनास्थल से पांच से छह खोखे मिलने की जानकारी सामने आई थी। रामकुमार सिंह के शरीर पर भी कई गोलियों के निशान होने की बात कही गई। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और परिवार के साथ संगठन के लोगों में शोक का माहौल है।
हत्या के बाद मंत्री की पीड़ित परिवार से मुलाकात और उनका बयान सामने आने से मामला चर्चा में आ गया है। एक तरफ उन्होंने हत्या की घटनाओं के संदर्भ में विवादित टिप्पणी की, तो दूसरी ओर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया।
कानून-व्यवस्था पर फिर उठे सवाल
बिहार में आपराधिक घटनाओं को लेकर कानून-व्यवस्था पर राजनीतिक बहस पहले से जारी है। ऐसे माहौल में हत्या जैसे गंभीर मामले पर मंत्री की टिप्पणी ने नए सवाल खड़े किए हैं। अब इस मामले में पुलिस जांच की प्रगति और आरोपियों के खिलाफ होने वाली कार्रवाई पर नजर रहेगी।
![]()
Comments are off for this post.