Last updated: July 26th, 2025 at 05:34 pm

कोचस (रोहतास)। कोचस प्रखंड अंतर्गत पटेल मैरिज हॉल में भारतीय जनता पार्टी की ओर से करगहर विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता कार्यशाला सह बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष पटेल ने की, जबकि संयोजन का दायित्व जिला उपाध्यक्ष व करगहर विधानसभा प्रभारी संतोष शर्मा ने निभाया। इस अवसर पर भाजपा जिला मंत्री सत्येंद्र दुबे विशेष रूप से मौजूद रहे।
बैठक में क्षेत्रीय प्रभारी अशोक भट्ट, कोचस पश्चिम मंडल अध्यक्ष संतोष कुमार तिवारी, कोचस पूर्वी मंडल अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह, नगर अध्यक्ष गोविंद गुप्ता सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस कार्यशाला में बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने, आगामी चुनाव की तैयारियों और सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने को लेकर रणनीति बनाई गई।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष पटेल ने कहा कि पार्टी बूथ स्तर तक पूरी तरह सक्रिय है। कार्यकर्ता ही भाजपा की असली ताकत हैं और उनके परिश्रम से ही संगठन निरंतर मजबूत हो रहा है। उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों को देखते हुए हर कार्यकर्ता को अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय होकर संगठन को सशक्त बनाना है।
इस दौरान जिला मंत्री सत्येंद्र दुबे ने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि हर बूथ पर मजबूती से संगठन की मौजूदगी होनी चाहिए। भाजपा की जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने की जिम्मेदारी सभी कार्यकर्ताओं की है।
बैठक में करगहर विधानसभा क्षेत्र के सभी मंडल अध्यक्ष उपस्थित थे, जिनमें बंटी राय, अखिलेश सिंह, रजनीश राय, गोपाल राय, कृष्णकांत दुबे, सतेंद्र सिंह, राकेश कुमार सिंह, राजेंद्र तिवारी, देव वंश मिश्रा, कृष्णानंद तिवारी, अनिल सिंह सहित अन्य प्रमुख कार्यकर्ता शामिल रहे।
बैठक के अंत में बूथ स्तरीय संगठनात्मक समीक्षा की गई और कार्यकर्ताओं को आगामी कार्ययोजना से अवगत कराया गया|
No Comments