Last updated: December 25th, 2025 at 08:57 am

सासाराम।
रोहतास जिले में बढ़ती ठंड और शीतलहर के प्रकोप को देखते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर आमजन को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से जिले के प्रमुख चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अलाव की व्यवस्था की गई है। ठंड से बचाव के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर कदम उठाए गए हैं।
इसी क्रम में जिले के विभिन्न स्थानों सहित सासाराम नगर निगम क्षेत्र के कुल 26 स्थानों पर अलाव जलाया गया है, ताकि राहगीरों, बुजुर्गों, असहाय एवं जरूरतमंद लोगों को कड़ाके की ठंड से राहत मिल सके। खासकर सुबह और देर शाम के समय अलाव से लोगों को काफी सहूलियत मिल रही है।
सासाराम शहर में अलाव जलाने के लिए जिन प्रमुख स्थानों को चिन्हित किया गया है, उनमें पोस्ट ऑफिस मोड़, करगहर मोड़, पुराना बस पड़ाव, बौलिया मोड़, माईको पर, बैंक कॉलोनी मोड़, नया बस पड़ाव, फजलगंज, बेदा नहर के पास, रेलवे स्टेशन (दोनों तरफ), धर्मशाला मोड़, शेरगंज, बस्ती मोड़, नवरतन बाजार, जानी बाजार, गोला थाना के पास, चौक बाजार, तकिया बाजार, तकिया बाजार समिति गेट के पास, सागर मोड़, चौखंडी, गांधी नीम, नूरनगंज, दुर्गा मंदिर अड्डा रोड, न्यू एरिया मोड़, रौजा रोड सहित अन्य स्थान शामिल हैं।
जिला पदाधिकारी महोदया ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि अलाव की व्यवस्था नियमित रूप से जारी रखी जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को सतत निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है, ताकि जरूरतमंदों को समय पर राहत मिलती रहे।
साथ ही जिला प्रशासन की ओर से आम लोगों से अपील की गई है कि वे अत्यधिक ठंड के दौरान सतर्कता बरतें, अनावश्यक रूप से खुले में न रहें और ठंड से बचाव के लिए आवश्यक उपाय अपनाएं।
![]()
No Comments