Last updated: December 25th, 2025 at 08:52 am

शिवसागर (रोहतास) |
शिवसागर प्रखंड क्षेत्र के बड्डी गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसका वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक आठ वर्षीय मासूम बच्चे को उसके ही चाचा-चाची द्वारा बेरहमी से पिटाई किए जाने का आरोप है। आरोप है कि बच्चे को न सिर्फ पीटा गया, बल्कि गर्म लोहे से उसके हाथ-पैर और गले के अंदर तक दागा गया।
घटना सामने आने के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। बच्चे के शरीर पर गंभीर जख्म के निशान पाए गए हैं, जिससे अत्याचार की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए रोहतास के एसपी रौशन कुमार ने बताया कि बच्चे के साथ अमानवीय कृत्य करने वाले व्यक्ति को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। बच्चे के मौसा के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।
एसपी ने बताया कि पीड़ित बच्चे को पहले उचित इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। इलाज के बाद बच्चे को बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा, ताकि उसके भविष्य की सुरक्षा और देखभाल सुनिश्चित की जा सके।
पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और दोषियों के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बच्चों के साथ किसी भी प्रकार की क्रूरता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
![]()
No Comments