Last updated: December 17th, 2025 at 06:02 pm

सूर्यपुरा /bikramganj: सूर्यपुरा प्रखंड की अंचल अधिकारी (सीओ) गोल्डी कुमारी ने बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सूर्यपुरा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया और प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. संजीव कुमार सिन्हा को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सीओ ने सीएचसी परिसर की साफ-सफाई, एक्स-रे कक्ष, जांच प्रयोगशाला तथा लेबर रूम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने साफ-सफाई की व्यवस्था को संतोषजनक बताया। वहीं, स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रत्येक माह की 09 तारीख को आयोजित होने वाले प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के शिविर में स्थानीय प्रखंड प्रशासन की भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि अभियान का प्रभाव अधिक व्यापक हो सके।
इसके अलावा सीओ गोल्डी कुमारी ने कुंआरी कन्याओं को दी जाने वाली स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं को और अधिक प्रभावी तरीके से लागू करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर और सही तरीके से पहुंचना चाहिए। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग के कई कर्मी मौजूद रहे। सीओ ने सभी को अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने की हिदायत दी।
![]()
No Comments