Human Live Media

HomeStateBiharरितेश पांडे के समर्थन में कोचस की सड़कों पर उमड़ा जन सैलाब

रितेश पांडे के समर्थन में कोचस की सड़कों पर उमड़ा जन सैलाब

करगहर विधानसभा क्षेत्र से जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी एवं भोजपुरी सिनेमा के लोकप्रिय गायक रितेश रंजन पांडे के समर्थन
IMG-20251103-WA0062

करगहर विधानसभा क्षेत्र से जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी एवं भोजपुरी सिनेमा के लोकप्रिय गायक रितेश रंजन पांडे के समर्थन में रविवार को कोचस में भव्य रोड शो का आयोजन किया गया। इस रोड शो में भोजपुरी जगत के कई प्रसिद्ध कलाकारों की मौजूदगी से माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में रंग गया। पूरे रास्ते में लोगों का उत्साह देखने लायक था। सड़क के दोनों किनारों पर समर्थक अपने चहेते सिंगर और प्रत्याशी की एक झलक पाने को बेताब दिखे।

Table of Contents

     

    रोड शो की शुरुआत कोचस बाजार से हुई, जो राष्ट्रीय राजमार्ग-319 होते हुए परसथुआ बाजार तक पहुंचा। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में वाहनों का काफिला आगे बढ़ता गया और हर जगह जन सुराज पार्टी के झंडे लहराते रहे। महिला सिंगर डिंपल सिंह, भोजपुरी सिने अभिनेता अंकुश राजा, आर्यन बाबू, अरुण सिंह काका और मोनू अलबेला जैसे चर्चित कलाकारों ने रितेश पांडे के पक्ष में समर्थन जताया। कलाकारों के साथ मंच साझा करते हुए रितेश पांडे का जनता ने जोरदार स्वागत किया।

     

    महात्मा गांधी चौक पर पहुंचने पर समर्थकों ने रितेश पांडे पर फूलों की वर्षा की। चारों ओर “जन सुराज पार्टी जिंदाबाद” और “रितेश पांडे विजयी हों” के नारे गूंजते रहे। इस दौरान स्थानीय युवाओं और महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। जगह-जगह लोगों ने सेल्फी लेकर इस यादगार पल को कैमरे में कैद किया।

     

    सभा को संबोधित करते हुए रितेश पांडे ने कहा कि अब समय आ गया है जब जनता अपने बच्चों और क्षेत्र के उज्जवल भविष्य के लिए सही निर्णय ले। उन्होंने कहा कि जन सुराज पार्टी जनता की आवाज को विधानसभा तक पहुंचाने का संकल्प लेकर मैदान में उतरी है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, रोजगार और विकास जन सुराज पार्टी के प्रमुख मुद्दे हैं।

     

    रितेश पांडे ने कहा कि करगहर विधानसभा की जनता ने उन्हें कलाकार के रूप में हमेशा प्यार दिया, अब वह उसी विश्वास को राजनीति में भी बनाए रखना चाहते हैं। उन्होंने जनता से अपील की कि इस बार के चुनाव में जाति और धर्म से ऊपर उठकर विकास को प्राथमिकता दें और जन सुराज पार्टी को जिताकर बदलाव की शुरुआत करें।

     

    रोड शो में शामिल कलाकारों ने भी मंच से लोगों को संबोधित किया और रितेश पांडे के लिए समर्थन मांगा। पूरे रोड शो के दौरान पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। शाम तक कोचस की गलियों में जन सुराज समर्थकों का जोश बरकरार रहा। रितेश पांडे के इस रोड शो ने करगहर विधानसभा के चुनावी माहौल को पूरी तरह गर्मा दिया है।

    Loading

    No Comments