Last updated: November 15th, 2025 at 05:54 am

डेहरी। विधानसभा चुनाव में एनडीए उम्मीदवार सोनू सिंह ने डेहरी सीट पर शानदार और प्रचंड जीत दर्ज की है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी को 35,968 वोटों के भारी अंतर से पराजित किया। नतीजों की घोषणा के साथ ही डेहरी में जश्न का माहौल छा गया। समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों, अबीर-गुलाल और पटाखों के बीच विजय उत्सव मनाया।
जीत के बाद सोनू सिंह ने जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत डेहरी की जनता के अपार विश्वास और समर्थन की जीत है। उन्होंने कहा, “जनता ने विकास, सुशासन और स्थिर सरकार के पक्ष में अपना जनादेश दिया है। मैं इस विश्वास को और मजबूत करते हुए डेहरी के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार काम करता रहूंगा।”
उन्होंने कहा कि डेहरी में सड़क, जल-जीवन, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं को और बेहतर बनाया जाएगा। युवाओं को रोजगार, किसानों को सहायता और महिलाओं के सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान देने की बात भी उन्होंने कही।
सोनू सिंह ने कहा कि एनडीए सरकार ने जितनी योजनाएं शुरू की हैं, उन्हें पारदर्शिता और प्रतिबद्धता के साथ हर घर तक पहुँचाया जाएगा। उन्होंने जीत का श्रेय कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के आशीर्वाद को दिया।
डेहरी में देर शाम तक जश्न चलता रहा और एनडीए समर्थकों ने इसे विकास की जीत बताया।
![]()
No Comments