Last updated: October 6th, 2025 at 04:54 pm

पटना/सासाराम। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के अंतर्गत सोमवार को राज्य की 21 लाख लाभुक महिलाओं के खाते में दस-दस हज़ार रुपए की राशि का अंतरण किया गया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कुल 2100 करोड़ रुपए की राशि राज्य की दीदियों के खातों में ट्रांसफर की। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी सहित अन्य मंत्रीगण ऑनलाइन कार्यक्रम में मौजूद रहे।
रोहतास जिले में इस योजना के तहत लगभग 70 हज़ार दीदियों के खाते में 10-10 हज़ार रुपए के हिसाब से करीब 70 करोड़ रुपए की राशि का अंतरण किया गया। सासाराम स्थित डीआरडीए सभागार में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी श्रीमती उदिता सिंह, उप विकास आयुक्त विजय कुमार पांडे, जिला परियोजना प्रबंधक जीविका सुधीर बहादुर समेत कई अधिकारी एवं जीविका दीदियाँ उपस्थित रहीं।
जिला परियोजना प्रबंधक सुधीर बहादुर ने बताया कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत अब तक तीनों चरणों में मिलाकर रोहतास जिले की 3 लाख 38 हज़ार से अधिक दीदियों के खाते में 10-10 हज़ार रुपए की राशि भेजी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि इस राशि के माध्यम से कई महिलाएं स्वरोजगार की दिशा में कदम बढ़ा चुकी हैं। जिले की कई दीदियों ने पशुधन क्षेत्र में गाय, बकरी व मुर्गी पालन के साथ-साथ परचून की दुकान, खिलौने निर्माण, मैन्युफैक्चरिंग यूनिट आदि व्यवसाय की सफल शुरुआत की है। इन प्रयासों से महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं और समाज में सम्मानपूर्वक अपनी पहचान स्थापित कर रही हैं।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत व्यवसाय का सर्वेक्षण करने के बाद लाभुकों को दो लाख रुपए तक की अतिरिक्त आर्थिक सहायता भी दी जाएगी। यह योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और नारी उत्थान की दिशा में मील का पत्थर साबित हो रही है।
जिले के सभी 19 प्रखंड मुख्यालयों, 43 संकुल स्तरीय संघों, 1752 ग्राम संगठनों और पंचायत भवनों में इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। प्रोजेक्टर, टीवी, टैब और मोबाइल फोन के माध्यम से बड़ी संख्या में महिलाएँ इस कार्यक्रम से जुड़ीं। जिला प्रशासन के अनुसार, रोहतास जिले की लगभग दो लाख से अधिक जीविका एवं गैर जीविका महिलाएँ इस अवसर की साक्षी बनीं।
मुख्यमंत्री द्वारा आज तीसरी किश्त का अंतरण किया गया, जिससे महिलाओं में उत्साह देखा गया। जीविका दीदियों ने कहा कि इस योजना ने उनके जीवन में आर्थिक स्थिरता दी है और वे अब स्वयं का व्यवसाय कर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।
![]()
No Comments