Human Live Media

HomeBlogरोहतास में दिशा की बैठक: अधूरी योजनाओं पर नाराजगी, समयबद्ध काम पूरा करने का निर्देश

रोहतास में दिशा की बैठक: अधूरी योजनाओं पर नाराजगी, समयबद्ध काम पूरा करने का निर्देश

सासाराम। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की समीक्षात्मक बैठक मंगलवार को डीआरडीए सभागार, सासाराम में माननीय सांसद काराकाट-सह-अध्यक्ष,
WhatsApp Image 2025-12-24 at 21.11.26 (1)

सासाराम।
जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की समीक्षात्मक बैठक मंगलवार को डीआरडीए सभागार, सासाराम में माननीय सांसद काराकाट-सह-अध्यक्ष, दिशा श्री राजा राम सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विकास योजनाओं की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने का सख्त निर्देश दिया गया।
बैठक में माननीय सांसद सासाराम श्री मनोज कुमार, विधान परिषद सदस्य श्री अशोक कुमार पाण्डेय, विधायक चेनारी श्री मुरारी प्रसाद गौतम, विधायक काराकाट श्री अरूण सिंह, विधायक सासाराम श्रीमती स्नेहलता, विधायक करगहर श्री वशिष्ट सिंह, विधायक डिहरी श्री राजीव रंजन सिंह उर्फ सोनू सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे। इसके अलावा जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं सभी प्रमुख जिला स्तरीय पदाधिकारी बैठक में मौजूद थे।
बैठक के प्रारंभ में सभी माननीय जनप्रतिनिधियों का पौधा देकर स्वागत किया गया। इसके पश्चात पिछली बैठक दिनांक 28 अगस्त 2025 की कार्यवाही के अनुपालन प्रतिवेदन से सदस्यों को अवगत कराया गया। अनुपालन के बाद विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की क्रमवार समीक्षा की गई।
बैठक में भारत माला परियोजना के तहत अधिग्रहित भूमि के किसानों को मुआवजे के शीघ्र भुगतान को लेकर विशेष चर्चा हुई। अध्यक्ष महोदय ने स्पष्ट किया कि किसानों के साथ अनावश्यक सख्ती न बरती जाए और भुगतान प्रक्रिया में किसी भी तरह की देरी न हो।
इसके अलावा इन्द्रपुरी जलाशय निर्माण, नहरों के पुनर्निर्माण, एनीकट को धरोहर के रूप में संरक्षित रखने, ग्रामीण कार्य विभाग द्वारा संचालित प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना की गुणवत्ता जांच, कब्रिस्तानों की घेराबंदी तथा एनएच-319 के समीप जलजमाव की समस्या के समाधान पर भी विस्तार से चर्चा की गई। संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में ग्रामीण कार्य विभाग, पथ निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग, लघु सिंचाई विभाग, एनएचएआई, कृषि विभाग सहित अन्य विभागों से जुड़े लंबित कार्यों की समीक्षा करते हुए अध्यक्ष एवं जनप्रतिनिधियों ने सभी कार्यों को ससमय पूरा करने का निर्देश दिया।
धान अधिप्राप्ति का लाभ किसानों तक अधिक पहुंचाने के लिए विभाग को प्रस्ताव भेजने तथा रोहतास जिले में पर्यटन की व्यापक संभावनाओं को देखते हुए संबंधित विभाग से अतिरिक्त आवंटन की मांग करने का भी सुझाव दिया गया।
बैठक के अंत में उप विकास आयुक्त, रोहतास द्वारा VB-GRAM-G योजना के नए प्रावधानों की जानकारी सभी जनप्रतिनिधियों को दी गई। वहीं जिला पदाधिकारी, रोहतास ने जिले में संचालित सभी महत्वाकांक्षी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।
अंत में माननीय सांसद काराकाट-सह-अध्यक्ष, दिशा श्री राजा राम सिंह सहित सभी उपस्थित जनप्रतिनिधियों के प्रति जिला प्रशासन, रोहतास द्वारा धन्यवाद ज्ञापन किया गया। अध्यक्ष महोदय की अनुमति से बैठक की कार्यवाही सवधन्यवाद समाप्त की गई।

Table of Contents

    Loading

    No Comments