Last updated: December 25th, 2025 at 11:19 am

चेनारी (रोहतास)।
रोहतास जिले के चेनारी स्थित दुर्गावती जलाशय को जलक्रीड़ा के राष्ट्रीय केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में अहम पहल की गई है। रोइंग, कैनोइंग और ड्रैगन बोट जैसे अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेलों की संभावनाओं को लेकर खेल विभाग, पटना के अधिकारियों और विशेषज्ञ प्रशिक्षकों की टीम ने संयुक्त रूप से जलाशय का निरीक्षण किया।
निरीक्षण दल में खेल विभाग पटना के सहायक निदेशक संजय कुमार, उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा विनय प्रताप, ओलंपियन कोच जैक महमूदी, इंडियन कोच प्रदीप नायडू, सुधांशु कुमार, नमिता चंदेल और बिहार सेक्रेटरी पंकज ज्योति शामिल रहे। टीम ने जलाशय की लंबाई, जलस्तर, सुरक्षा व्यवस्था, हवाओं की दिशा और प्रशिक्षण के अनुकूल परिस्थितियों का बारीकी से मूल्यांकन किया।
निरीक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने माना कि दुर्गावती जलाशय का प्राकृतिक स्वरूप और शांत जल क्षेत्र रोइंग, कैनोइंग और ड्रैगन बोट जैसे खेलों के लिए बेहद उपयुक्त है। यहां आधुनिक प्रशिक्षण केंद्र विकसित कर राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराया जा सकता है।
इस अवसर पर रोहतास के उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा ने बताया कि दुर्गावती जलाशय में भविष्य में राष्ट्रीय स्तर की जलक्रीड़ा प्रतियोगिताएं आयोजित करने की योजना है। इससे न केवल जिले बल्कि पूरे बिहार के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि खेल विभाग और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण द्वारा जल्द ही आवश्यक बुनियादी ढांचे, उपकरण और प्रशिक्षण व्यवस्था को लेकर ठोस कदम उठाए जाएंगे।
खेल विभाग के सहायक निदेशक संजय कुमार ने कहा कि बिहार में जलक्रीड़ा को बढ़ावा देने के लिए सरकार गंभीर है और दुर्गावती जलाशय इस दिशा में एक महत्वपूर्ण केंद्र बन सकता है। उन्होंने संकेत दिया कि यहां कोचिंग कैंप, प्रतियोगिताएं और प्रतिभा खोज कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
निरीक्षण से स्थानीय खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है। यदि यह योजना साकार होती है, तो दुर्गावती जलाशय न सिर्फ रोहतास बल्कि पूरे बिहार को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर नई पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाएगा।
![]()
No Comments