Human Live Media

HomeStateBihar*प्रशिक्षण के दौरान डायट में शिक्षिका की तबीयत बिगड़ी, बुनियादी सुविधाओं को लेकर शिक्षकों का हंगामा*

*प्रशिक्षण के दौरान डायट में शिक्षिका की तबीयत बिगड़ी, बुनियादी सुविधाओं को लेकर शिक्षकों का हंगामा*

सासाराम। सासाराम शहर के फजलगंज स्थित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) परिसर में गुरुवार को प्रशिक्षण के दौरान एक
WhatsApp Image 2025-12-25 at 17.15.27

सासाराम। सासाराम शहर के फजलगंज स्थित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) परिसर में गुरुवार को प्रशिक्षण के दौरान एक शिक्षिका की अचानक तबीयत बिगड़ने से अफरातफरी मच गई। घटना से नाराज शिक्षकों ने कड़ाके की ठंड के बीच संस्थान में बुनियादी सुविधाओं के अभाव को लेकर हंगामा किया और विभाग के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर की।
मिली जानकारी के अनुसार, डायट परिसर में इन दिनों शिक्षकों के लिए पांच दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है। गुरुवार को प्रशिक्षण के दौरान डेहरी की रहने वाली शिक्षिका रूबी बाला सिंह अचानक बेहोश हो गईं। आनन-फानन में उन्हें सासाराम के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। फिलहाल शिक्षिका की हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना के बाद आक्रोशित शिक्षकों ने डायट परिसर में चिकित्सा सुविधा, प्राथमिक उपचार, डॉक्टर, नर्स और एंबुलेंस जैसी बुनियादी व्यवस्थाओं की कमी को गंभीर लापरवाही बताया। शिक्षकों ने प्रशिक्षण संस्थान के प्रभारी प्राचार्य को पत्र सौंपते हुए परिसर में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा आपात स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सक, नर्स और एंबुलेंस की स्थायी व्यवस्था करने की मांग की है।
वहीं, प्रशिक्षण संस्थान के प्रभारी प्राचार्य नीरज कुमार ने बताया कि संबंधित शिक्षिका पूर्व से अस्वस्थ चल रही थीं। प्रशिक्षण के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के बाद उनके स्वास्थ्य में सुधार हुआ है और अब वह स्वस्थ हैं।
हालांकि शिक्षकों का कहना है कि यदि समय रहते समुचित चिकित्सा व्यवस्था उपलब्ध होती तो ऐसी स्थिति से बचा जा सकता था। शिक्षकों ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर वे आगे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

Table of Contents

    Loading

    No Comments