Last updated: September 8th, 2025 at 04:36 am

कोचस। प्रखंड के उर्दू मध्य विद्यालय शेख बहुआरा में शनिवार को स्थानांतरित शिक्षकों के सम्मान में भावुक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे जिला पार्षद विनय पाल एवं कटरी पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि जयशंकर प्रसाद ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
इस अवसर पर जिला पार्षद विनय पाल ने कहा कि शिक्षा से ही समाज एवं देश का विकास संभव है। वहीं मुखिया प्रतिनिधि जयशंकर प्रसाद ने कहा कि शिक्षा के बिना जीवन अधूरा है। शिक्षक बच्चों को सही दिशा देने वाले वास्तविक मार्गदर्शक होते हैं।
समारोह की अध्यक्षता प्रधानाध्यापक वीरेंद्र सिंह ने की। विद्यालय परिवार एवं ग्रामीणों की ओर से स्थानांतरित शिक्षकों—नेहा कुमारी, सीमा कुमारी, अर्चना कुमारी, अमित कुमार, आनंद कुमार, अस्मिता कुमारी एवं आसियान सैफ—को अंगवस्त्र, डायरी, पेन एवं बुके भेंटकर सम्मानित किया गया।
विदाई के क्षणों में छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों के चेहरे पर गहरी उदासी झलक रही थी। सभी की इच्छा थी कि ये शिक्षक यहीं कार्यरत रहें, लेकिन विभागीय आदेश का पालन करते हुए उन्हें अन्य विद्यालयों में स्थानांतरित होना पड़ा। बच्चों ने कहा कि शिक्षकों ने न केवल पढ़ाई कराई, बल्कि अनुशासन और संस्कार भी सिखाए।
ग्रामवासियों ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माता होते हैं। उनके मार्गदर्शन से ही बच्चों का भविष्य उज्ज्वल होता है। शिक्षक ही वह दीपक हैं जो अज्ञान के अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाते हैं।
इस मौके पर पूर्व जिला परिषद धन जी शर्मा, प्रधानाध्यापक दिनेश कुमार सिंह, प्रधानाध्यापक अजय कुमार, संजय कुमार गुप्ता, राधेश्याम पाल, विजय कुमार, कृष्णानंद सिंह, अखिलेश सहित अनेक शिक्षक प्रतिनिधि, अभिभावक और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम ने शिक्षकों के प्रति गहरी भावनात्मक जुड़ाव को उजागर किया।
![]()
No Comments