Last updated: October 16th, 2025 at 06:37 am

रोहतास जिले के नोखा प्रखंड अंतर्गत कैथी गांव में बुधवार की संध्या को ‘हर घर दस्तक’ अभियान के तहत संध्या चौपाल का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने आगामी 11 नवंबर 2025 को होने वाले नगर निकाय चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने की अपील की। ग्रामीणों को लोकतंत्र के इस पर्व में सक्रिय भागीदारी हेतु प्रेरित किया गया तथा सभी को मतदान की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वीप (SVEEP) नोडल पदाधिकारी एवं वरीय उप समाहर्ता विनीता कुमारी ने की। उन्होंने कहा कि मतदान लोकतंत्र की आत्मा है, प्रत्येक नागरिक को अपने मताधिकार का प्रयोग कर देश और समाज के विकास में योगदान देना चाहिए। वहीं स्वीप नोडल वरीय उप समाहर्ता विनय प्रताप ने कहा कि मतदान केवल अधिकार नहीं बल्कि जिम्मेदारी भी है, इसलिए सभी मतदाता मतदान केंद्र तक अवश्य पहुंचे।
इस अवसर पर सहायक दिव्यांगजन पदाधिकारी आफताब करीम, प्रखंड विकास पदाधिकारी नोखा, डीपीएम जीविका, बीपीएम जीविका, जीविका दीदियां, आंगनबाड़ी सेविका एवं सहायिका सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। जीविका समूह की दीदियों ने गीतों एवं नारों के माध्यम से मतदान का संदेश दिया और महिलाओं को अधिक से अधिक संख्या में मतदान केंद्र तक पहुंचने के लिए प्रोत्साहित किया।
संध्या चौपाल के दौरान अधिकारियों ने मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए ग्रामीणों से संवाद किया और उन्हें आगामी मतदान तिथि, मतदान प्रक्रिया तथा मतदाता सूची से संबंधित आवश्यक जानकारी दी। पूरे कार्यक्रम का उद्देश्य मतदाताओं में जागरूकता फैलाना और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।
![]()
No Comments