Last updated: October 14th, 2025 at 05:17 am

रोहतास, 13 अक्टूबर । बिहार विधानसभा आम निर्वाचन-2025 के मद्देनजर जिले में उपयोग होने वाली ईवीएम और वीवीपैट का प्रथम रैंडमाइजेशन आज समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में संपन्न हुआ। यह रैंडमाइजेशन 207-चेनारी, 208-सासाराम, 209-करगहर, 210-दिनारा, 211-नोखा, 212-डिहरी और 213-काराकाट विधानसभा क्षेत्रों के अनुसार किया गया।
प्रथम रैंडमाइजेशन जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी, रोहतास की अध्यक्षता में राष्ट्रीय एवं राज्यस्तरीय मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी, जनता दल यूनाईटेड, राष्ट्रीय लोक जन शक्ति पार्टी, आम आदमी पार्टी, कम्यूनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सिस्ट) और बहुजन समाज पार्टी के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
रैंडमाइजेशन पूर्ण होने के बाद, विधानसभा क्षेत्रवार आवंटित ईवीएम एवं वीवीपैट की सूची जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी एवं उपस्थित दलों के प्रतिनिधियों द्वारा हस्ताक्षरित की गई और सभी राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के जिला स्तरीय कार्यालय में उपलब्ध कराई गई।
सूची के अनुसार ईवीएम एवं वीवीपैट को जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी, रोहतास द्वारा जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचन पदाधिकारियों को आगामी चुनाव में उपयोग हेतु उपलब्ध कराया जाएगा। इसके बाद संबंधित विधानसभा क्षेत्रों के लिए निर्धारित स्ट्रॉंग रूम में मान्यता प्राप्त दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में इन्हें सुरक्षित रूप से भंडारित किया जाएगा।
निर्वाचन लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची को अंतिम रूप देने के उपरांत, प्रथम रैंडमाइजेशन में चयनित ईवीएम एवं वीवीपैट की सूची अभ्यर्थियों को भी उपलब्ध कराई जाएगी।
![]()
No Comments