Last updated: August 25th, 2025 at 04:55 am

सासाराम | पर्यटन के क्षेत्र में रोहतास जिले को नई पहचान दिलाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए रविवार को करमचट डैम में बिहार के पहले वोट हाउस क्रूज़ की शुरुआत की गई। वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. सुनील कुमार ने इसका विधिवत उद्घाटन किया। इस मौके पर चेनारी विधायक मुरारी प्रसाद गौतम, डीएफओ मनीष कुमार वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष पटेल सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
करमचट डैम अब तक पिकनिक स्पॉट और प्राकृतिक सौंदर्य के लिए जाना जाता था। अब वोट हाउस क्रूज़ की शुरुआत से यहां आने वाले सैलानियों को नया अनुभव मिलेगा। उद्घाटन के दौरान क्रूज़ को पानी में उतारा गया और उपस्थित लोगों ने इसका अवलोकन किया।
डीएफओ मनीष कुमार वर्मा ने बताया कि यह क्रूज़ फिलहाल परीक्षण दौर से गुजर रहा है। जल्द ही इसे आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसका संचालन वन विभाग की निगरानी में होगा और सुरक्षा के पूरे इंतजाम किए जा रहे हैं। क्रूज़ पर सवार होकर लोग करमचट डैम के नीले पानी और चारों ओर फैली हरियाली का नजारा ले सकेंगे।
स्थानीय लोगों और पर्यटकों ने इस पहल का स्वागत किया। उनका कहना है कि रोहतास की पहचान ऐतिहासिक किले और झरनों से रही है। अब वोट हाउस क्रूज़ के जुड़ने से यहां पर्यटन को और बल मिलेगा। यह पहल न केवल स्थानीय लोगों के लिए रोजगार का अवसर बनेगी, बल्कि पूरे बिहार के पर्यटन नक्शे पर रोहतास को नई ऊंचाई देगी।
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि इस परियोजना का सही तरीके से प्रचार-प्रसार किया गया तो करमचट डैम पर देश-विदेश से भी सैलानी आकर्षित हो सकते हैं। यह कदम निश्चित रूप से रोहतास को पर्यटन के नए युग में प्रवेश दिलाने वाला साबित होगा।
![]()
No Comments