Last updated: October 4th, 2025 at 03:33 pm

सासाराम। शिक्षा की अलख जगाने वाली गार्गी पाठशाला को इस नवरात्रि खास पहचान मिली है। लेट्स इंस्पायर बिहार अभियान के मुख्य संरक्षक एवं वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी विकास वैभव ने रोहतास जिले की अमरा तालाब स्थित गार्गी पाठशाला को “बिहार की नंबर वन गार्गी पाठशाला” के सम्मान से नवाजा। इस अवसर पर गार्गी अध्याय रोहतास की जिला मुख्य समन्वयक नूतन पांडेय को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
नूतन पांडेय को यह सम्मान अमरा तालाब स्थित गार्गी पाठशाला में सर्वाधिक शिक्षा से वंचित बच्चों को जोड़ने और नियमित रूप से कक्षा संचालन सुनिश्चित करने में किए गए उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया गया।
शिक्षा की अलख जगा रही महिलाएँ
गार्गी पाठशाला से जुड़ी महिलाएँ आज पूरे बिहार में शिक्षा की नई रोशनी फैला रही हैं। अभियान से अब तक 20,000 से अधिक बच्चे निःशुल्क शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। फिलहाल 14 जिलों में 27 निःशुल्क शिक्षा केंद्र संचालित हो रहे हैं। इनमें से 10 जिलों में चल रहे 22 केंद्रों का संचालन पूरी तरह से महिलाएँ कर रही हैं।
भागलपुर में खुलेगा नया केंद्र
इस नवरात्रि के मौके पर भागलपुर जिले के नवगछिया में एक और गार्गी पाठशाला की शुरुआत होने जा रही है। आयोजकों का कहना है कि शिक्षा के इस अभियान से गाँव-गाँव और समाज के हर वर्ग तक पहुँचने का प्रयास किया जा रहा है।
आशा और प्रेरणा का वातावरण
गार्गी पाठशाला ने केवल शिक्षा की लौ नहीं जलाई है, बल्कि समाज में नई आशा और प्रेरणा का वातावरण भी तैयार किया है। यहाँ पढ़ने वाले बच्चे न सिर्फ ज्ञान अर्जित कर रहे हैं, बल्कि परिवार और समाज को भी शिक्षा का महत्व समझा रहे हैं।
![]()
No Comments