Human Live Media

HomeNewsपटना में गुरु गोविंद सिंह जी के 360वें प्रकाश पर्व की भव्य तैयारी, 20 हजार श्रद्धालुओं के लिए बनेगी टेंट सिटी

पटना में गुरु गोविंद सिंह जी के 360वें प्रकाश पर्व की भव्य तैयारी, 20 हजार श्रद्धालुओं के लिए बनेगी टेंट सिटी

बिहार में श्री गुरु गोविंद सिंह महाराज के 360वें प्रकाश पर्व को ऐतिहासिक और यादगार बनाने की तैयारी शुरू हो
images – 2026-11-22T120924.205

बिहार में श्री गुरु गोविंद सिंह महाराज के 360वें प्रकाश पर्व को ऐतिहासिक और यादगार बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार, 21 नवंबर को लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि इस बार प्रकाश पर्व का आयोजन 350वें प्रकाश पर्व की तरह भव्य स्तर पर किया जाए। इसमें देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

Table of Contents

    मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रकाश पर्व में शामिल होने के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए केंद्र सरकार और दूसरे राज्यों के साथ समन्वय स्थापित कर रेलवे, हवाई और बस सेवाओं में निःशुल्क यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास किए जाएं।

    बैठक के दौरान सीएम ने अधिकारियों को यातायात, आवासन, भोजन, पेयजल, साफ-सफाई, स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने रेलवे स्टेशन, बस पड़ाव और अन्य प्रमुख स्थानों पर भी श्रद्धालुओं के लिए विशेष इंतजाम करने को कहा। साथ ही सभी विभागों को आपसी तालमेल के साथ काम करने और तैयारियों की नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया।

    बता दें कि श्री गुरु गोविंद सिंह महाराज का 360वां प्रकाश पर्व 9 से 16 जनवरी 2027 तक आयोजित किया जाएगा। इस बार आयोजन का थीम स्लोगन ‘बिहार है तैयार, जी आयां नू’ रखा गया है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए करीब 20 हजार लोगों की क्षमता वाली टेंट सिटी तैयार की जाएगी। वहीं, गंगा नदी के किनारे लगभग 10 हजार श्रद्धालुओं के बैठने की क्षमता वाला भव्य दीवान हॉल भी बनाया जाएगा।

    प्रकाश पर्व के दौरान श्रद्धालुओं के लिए लंगर और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था रहेगी। आयोजन को और आकर्षक बनाने के लिए 15 जनवरी 2027 को कंगन घाट पर 1,000 ड्रोन के जरिए भव्य शो आयोजित किया जाएगा। इसके अगले दिन यानी 16 जनवरी को गुरुद्वारा परिसर के आसपास आतिशबाजी की जाएगी। इसके अलावा सिख इतिहास और गुरु गोविंद सिंह महाराज के जीवन से जुड़ी फोटो गैलरी और विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।

    श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए एक विशेष मोबाइल ऐप भी विकसित किया गया है, जिसके जरिए उन्हें आयोजन से जुड़ी जरूरी जानकारियां मिल सकेंगी।

    मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि गुरु गोविंद सिंह महाराज का जीवन त्याग, साहस, सेवा, मानवता और धर्म की रक्षा का संदेश देता है। ऐसे में उनके 360वें प्रकाश पर्व का आयोजन पूरी श्रद्धा और सम्मान के साथ होना चाहिए। राज्य सरकार इस आयोजन को यादगार बनाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती।

    Loading

    Comments are off for this post.