Last updated: November 1st, 2025 at 01:25 am

डेहरी (रोहतास)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर दिए गए विवादित बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि राहुल गांधी की राजनीति अब केवल आरोपों और नकारात्मकता पर आधारित रह गई है। उन्होंने कहा — “नाच तो इंडी गठबंधन के लोग रहे हैं, कभी वोट चोरी के नाम पर तो कभी हाथों में पवित्र संविधान लेकर मंच पर नाचने का काम वही लोग करते हैं।”
मुख्यमंत्री सैनी गुरुवार को रोहतास जिले के डेहरी स्थित एक निजी होटल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के पास अब देश और जनता के लिए कहने या करने को कुछ नहीं बचा है। “कभी ईवीएम पर सवाल उठाते हैं, कभी सुरक्षा बलों की क्षमता पर सवाल करते हैं, और अब प्रधानमंत्री मोदी पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर रहे हैं। यह उनकी हताशा और निराशा का प्रतीक है,” सैनी ने कहा।
उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी और इंडी गठबंधन दोनों ही जनसमर्थन खो चुके हैं। “देश की जनता अब विकास की राजनीति चाहती है, न कि झूठे आरोपों और भ्रम फैलाने की। कांग्रेस की न नीति है, न नियत है और न ही नेतृत्व। इसलिए जनता ने उन्हें पूरी तरह नकार दिया है,” मुख्यमंत्री ने कहा।
नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। “मोदी सरकार ने गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के लिए अभूतपूर्व योजनाएं लागू की हैं। आज भारत विश्व मंच पर सम्मान के साथ खड़ा है, जबकि कांग्रेस के नेता केवल मंच से नकारात्मक राजनीति कर रहे हैं,” उन्होंने कहा।
मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी को नसीहत देते हुए कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री पर व्यक्तिगत टिप्पणी करने के बजाय जनता के मुद्दों पर सार्थक चर्चा करनी चाहिए। उन्होंने कहा, “देश की जनता अब हर बात समझ चुकी है। बार-बार झूठ बोलकर और नफरत फैलाकर कांग्रेस जनता का विश्वास नहीं जीत सकती। आने वाले चुनावों में जनता फिर एक बार सच्चाई और विकास के पक्ष में मतदान करेगी।”
उन्होंने यह भी कहा कि विपक्षी गठबंधन केवल सत्ता की लालसा से बना है, जबकि भाजपा जनता की सेवा के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। “जनता अब यह तय कर चुकी है कि देश को स्थिर, मजबूत और आत्मनिर्भर भारत बनाने के लिए मोदी ही विकल्प हैं,” मुख्यमंत्री सैनी ने कहा।
![]()
No Comments