Last updated: March 10th, 2026 at 10:15 am

होली के बाद बड़ी संख्या में प्रवासी कामकाज के लिए वापस महानगरों की ओर लौट रहे हैं। इसी वजह से रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। रेलवे के टिकट काउंटरों पर लंबी कतारें लगी हैं और तत्काल टिकट मिलना भी यात्रियों के लिए मुश्किल हो गया है।
ट्रेन में टिकट नहीं मिलने की स्थिति को देखते हुए बिहार राज्य पथ परिवहन निगम ने दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए विशेष बसों का संचालन शुरू किया है। निगम की ओर से दिल्ली के लिए प्रतिदिन पांच से छह बसें चलाई जा रही हैं। कई यात्री ट्रेन के बजाय बस से ही अपने गंतव्य की ओर रवाना हो रहे हैं।
बस स्टैंड प्वाइंट कांटा चौक पर मौजूद यात्रियों ने बताया कि तत्काल रेल टिकट नहीं मिलने के कारण उन्हें मजबूरी में बस से सफर करना पड़ रहा है। यात्रियों का कहना है कि रेलवे द्वारा कई नियम बनाए गए हैं, लेकिन इसके बावजूद तत्काल टिकट के मामले में बिचौलियों की सक्रियता कम नहीं हो रही है।
कुछ यात्रियों ने यह भी बताया कि टिकट दलाल तत्काल टिकट दिलाने के नाम पर एक हजार से लेकर 2500 रुपये तक अतिरिक्त वसूली कर रहे हैं। उनका आरोप है कि इसकी जानकारी होने के बावजूद रेलवे सुरक्षा बल की ओर से सख्त कार्रवाई नहीं की जाती, जिससे दलालों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं।
हालांकि इस मामले में स्थानीय आरपीएफ इंस्पेक्टर का कहना है कि ऐसे आरोप बेबुनियाद हैं। उन्होंने बताया कि बल की कमी के कारण हर स्टेशन के आरक्षण काउंटर पर रोजाना निगरानी संभव नहीं हो पाती, लेकिन समय-समय पर बिचौलियों के खिलाफ अभियान चलाया जाता है।
बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, यहां से प्रतिदिन महानगरों के लिए पांच से छह बसों का संचालन किया जा रहा है। एक बस में 30 चेयर और 30 स्लीपर सीटें उपलब्ध हैं, यानी एक बस में कुल 60 यात्री सफर कर सकते हैं।
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शहर के कांटा चौक, बाइपास बस स्टैंड, होटल सितायन के पीछे, सोनबरसा, भूतही चौक, भिठ्ठामोड़, सुरसंड, शिवहर, रुन्नीसैदपुर, कुम्मा चौक, बेला और परिहार में भी टिकट काउंटर बनाए गए हैं।
दिल्ली जाने वाली इन बसों का किराया भी तय कर दिया गया है। सिटिंग सीट का किराया 1183 रुपये जबकि स्लीपर सीट का किराया 1785 रुपये प्रति यात्री रखा गया है। परिवहन निगम की ये आधुनिक बसें कांटा चौक से प्रतिदिन दोपहर 12:40 बजे से 2:40 बजे के बीच रवाना की जा रही हैं।
![]()
Comments are off for this post.