Human Live Media

HomeStateBiharजनता दरबार में उमड़ा जनसैलाब : डीएम रोहतास ने सुनी 100 से अधिक फरियादें, विभागीय पदाधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के आदेश

जनता दरबार में उमड़ा जनसैलाब : डीएम रोहतास ने सुनी 100 से अधिक फरियादें, विभागीय पदाधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के आदेश

रोहतास। जिला पदाधिकारी रोहतास के निर्देश पर शुक्रवार को डीआरडीए सभागार में आयोजित जिला जनता दरबार में लोगों की भारी
IMG-20250912-WA0018

रोहतास। जिला पदाधिकारी रोहतास के निर्देश पर शुक्रवार को डीआरडीए सभागार में आयोजित जिला जनता दरबार में लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। करीब सौ से अधिक फरियादियों ने अपनी-अपनी समस्याओं को लेकर आवेदन दिया। डीएम की अध्यक्षता में आयोजित इस जनता दरबार में जिला बंदोबस्त पदाधिकारी, पंचायती राज पदाधिकारी, भू-अर्जन पदाधिकारी, शिक्षा पदाधिकारी, राजस्व शाखा प्रभारी, विकास पदाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी, सांख्यिकी पदाधिकारी, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक समेत जिला मुख्यालय स्थित सभी विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Table of Contents

    जनता दरबार में फरियादियों को विभागवार अलग-अलग पंक्तियों में बैठाया गया। इसके बाद अधिकारियों ने एक-एक कर सभी से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान आवेदकों द्वारा दिए गए आवेदन पत्रों को मौके पर ही संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को हस्तगत कराया गया और डीएम ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

    लोक शिकायत निवारण अधिनियम के तहत तत्काल कार्रवाई

    जनता दरबार के दौरान कई ऐसे मामले सामने आए जो लोक शिकायत निवारण अधिनियम (PGRO) के तहत सुनवाई योग्य थे। इन आवेदनों को सासाराम, बिक्रमगंज और डिहरी के लोक शिकायत निवारण पदाधिकारियों को मौके पर ही सौंप दिया गया। साथ ही ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया भी शुरू कराई गई ताकि आवेदक अपने आवेदन की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त कर सकें।

    प्रमुख मामलों पर त्वरित निर्देश

    नल योजना व अतिक्रमण की शिकायत : करौंदी गांव के विनोद कुमार सिंह ने नल-जल योजना व अतिक्रमण को लेकर आवेदन दिया। इसे अंचलाधिकारी दिनारा को शीघ्र निष्पादन हेतु भेजा गया।

    भूमि विवाद : चेनारी के सदोखर गांव निवासी शिव बचन सिंह ने बताया कि मापी वाद संख्या-18/2021-22 में मापी के बाद भी कब्जा नहीं मिल सका। इस पर भूमि सुधार उप समाहर्ता, सासाराम को तुरंत कार्रवाई का आदेश दिया गया।

    पेंशन बहाली : डिहरी थाना क्षेत्र के चकिया गांव के कामता प्रसाद सिंह ने रुकी हुई पेंशन चालू करने की मांग की। इसे सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा कोषांग को भेजा गया।

    खतियान नकल : अकोढ़ीगोला प्रखंड के करकटपुर गांव के शिवपूजन साह ने खतियान नकल निकालने का आवेदन दिया। इसे जिला अभिलेखागार पदाधिकारी को अग्रसारित किया गया।

    भरण-पोषण की मांग : शिवसागर के डोरियॉव गांव के कमलेश तिवारी ने पिता की मृत्यु के बाद नौकरी के क्रम में भरण-पोषण की मांग की। इसे प्रभारी पदाधिकारी, जिला स्थापना शाखा को भेजा गया।

    भूमि पर अतिक्रमण : सासाराम के प्रतापगंज मोहल्ला निवासी उदय कुमार सिंह ने म्यूनिसिपल खाता संख्या-75, प्लॉट संख्या-336, रकबा 2 डी जमीन पर जबरन निर्माण की शिकायत दर्ज कराई। इस पर नगर आयुक्त नगर निगम, सासाराम व थाना प्रभारी को कार्रवाई का निर्देश दिया गया।

    सभी विभागों को सतर्क रहने का निर्देश

    जनता दरबार में आए शेष आवेदनों को भी विभागवार संबंधित अधिकारियों को भेज दिया गया। डीएम ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता की समस्याओं के समाधान में कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए। साथ ही समय पर निष्पादन की रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए।

    जनता दरबार में उमड़ी भीड़ से साफ जाहिर हुआ कि लोग अपनी समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर हैं। वहीं डीएम ने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन हर फरियादी की बात सुनेगा और समयबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित करेगा।

    Loading

    No Comments