Last updated: April 13th, 2026 at 11:14 am

विवादित वीडियो को लेकर बढ़ते सियासी घमासान के बीच हुमायूं कबीर की पार्टी आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) ने अपनी स्थिति स्पष्ट की है। पार्टी के प्रवक्ता कमाल हुसैन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि जिस वीडियो को लेकर विवाद खड़ा किया जा रहा है, उसका पूरा संस्करण जल्द ही सार्वजनिक किया जाएगा।
पार्टी का दावा है कि वायरल किया गया वीडियो अधूरा है और उसे एडिट कर भ्रामक तरीके से पेश किया गया है, जिससे हुमायूं कबीर की छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई है। इस मामले को लेकर पार्टी ने कानूनी कदम भी उठाए हैं। उनके अनुसार, वीडियो की सच्चाई जानने के लिए इसे फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है और मामला कलकत्ता हाई कोर्ट तक पहुंच चुका है।
एजेयूपी का कहना है कि यह वीडियो 19 दिसंबर 2025 का बताया जा रहा है, जबकि इसे हाल ही में सोशल मीडिया पर साझा किया गया। इतने लंबे समय बाद वीडियो सामने आने को लेकर पार्टी ने साजिश की आशंका जताई है। साथ ही, जिस अकाउंट से वीडियो पोस्ट किया गया, उसके खिलाफ चुनाव आयोग सहित अन्य संबंधित संस्थाओं में शिकायत दर्ज कराई गई है।
प्रवक्ता ने यह भी सवाल उठाया कि अगर वीडियो पुराना था, तो इसे पहले सार्वजनिक क्यों नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक दबाव के चलते इस तरह के आरोप लगाए जा रहे हैं।
गौरतलब है कि वायरल वीडियो में कथित तौर पर हुमायूं कबीर को भाजपा नेताओं से संबंधों और पैसों के लेन-देन को लेकर बातचीत करते हुए दिखाया गया है। हालांकि, हुमायूं कबीर ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है। फिलहाल, इस वीडियो की प्रामाणिकता की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है और मामले की जांच जारी है।
![]()
Comments are off for this post.