Last updated: August 26th, 2025 at 01:33 am

रोहतास जिले के सासाराम में सोमवार की दोपहर एक सनसनीखेज वारदात हुई। एक युवक ने पहले अपनी प्रेमिका को गोली मारी और फिर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घायल युवती को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। वहीं युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला
मृतक युवक की पहचान जैकी उर्फ लड्डू कुमार के रूप में हुई है, जो मुफस्सिल थाना क्षेत्र के विश्रामपुर गांव का रहने वाला था। बताया जाता है कि जैकी काजल कुमारी नाम की युवती से प्रेम करता था। काजल नगर थाना क्षेत्र के दलेलगंज की रहने वाली है। दोनों के बीच लंबे समय से संबंध थे, लेकिन हाल ही में काजल की शादी कहीं और तय हो गई थी। इसी बात से नाराज होकर युवक ने यह खौफनाक कदम उठाया।
सोमवार की दोपहर युवक ने माइको स्थित एक मैरिज हॉल में अपनी प्रेमिका काजल को मिलने बुलाया। वहां पहुंचते ही उसने पहले युवती के सिर और सीने में दो गोलियां मार दीं। इसके बाद उसने खुद को गोली मार ली। घटना में युवक की मौके पर मौत हो गई जबकि युवती खून से लथपथ होकर गिर गई
घटनास्थल पर पुलिस और भीड़
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस और सदर डीएसपी दिलीप कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए और पुलिस ने एक कट्टा तथा कई कारतूस बरामद किए। वहीं, पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रही है ताकि पूरी सच्चाई सामने आ सके।
परिवार का बयान:
युवती की मां ने बताया कि उसकी बेटी शहर के एक मॉल में काम करती थी। युवक लगातार उस पर शादी का दबाव बना रहा था। लेकिन परिवार और समाज में जाति भिन्नता की वजह से लड़की शादी करने के लिए तैयार नहीं थी। इसी विवाद को लेकर यह घटना हुई।
![]()
No Comments