Last updated: December 7th, 2025 at 09:03 am

रोहतास। जिला पदाधिकारी रोहतास श्रीमती उदिता सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को खरीफ विपणन मौसम 2025-26 के अंतर्गत धान अधिप्राप्ति से संबंधित जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में धान खरीद की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
जिला पदाधिकारी ने बताया कि रोहतास जिले में कुल 227 चयनित समितियां हैं, जिनमें से 221 समितियां वर्तमान में क्रियाशील हैं। शेष अक्रियाशील समितियों को 24 घंटे के भीतर क्रियाशील कराने का निर्देश प्रखंडों के सहकारिता प्रसार पदाधिकारियों को दिया गया।
बैठक में जानकारी दी गई कि अब तक जिले में 612 किसानों से कुल 3,978.96 मीट्रिक टन धान की अधिप्राप्ति की जा चुकी है। जिलाधिकारी ने धान खरीद में तेजी लाने तथा लघु एवं सीमांत किसानों को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।
सभी प्रखंडों के वरीय नोडल पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे प्रखंड कृषि पदाधिकारियों से इच्छुक किसानों की सूची प्राप्त कर दिसंबर माह में शत-प्रतिशत धान क्रय सुनिश्चित करें। इसके लिए साप्ताहिक लक्ष्य भी निर्धारित करने को कहा गया।
जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला प्रबंधक राज्य खाद्य निगम तथा प्रबंध निदेशक, दी सासाराम-भभुआ सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड, सासाराम को निर्देश दिया गया कि किसानों को धान की राशि का भुगतान 48 घंटे के भीतर हर हाल में सुनिश्चित किया जाए।
नौहट्टा प्रखंड अंतर्गत छोटे किसानों के लिए बैंक खाता खोलने हेतु मंगलवार 9 दिसंबर 2025 को विशेष शिविर के आयोजन का निर्देश दिया गया। शिविर में वरीय नोडल पदाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी एवं प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारी की उपस्थिति अनिवार्य होगी।
जिलाधिकारी ने सभी वरीय नोडल पदाधिकारियों को दो दिनों के भीतर इच्छुक किसानों की सूची जिला सहकारिता पदाधिकारी को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, जिसके बाद पंचायतवार साप्ताहिक लक्ष्य निर्धारित कर दिसंबर माह का कुल लक्ष्य तय किया जाएगा।
साथ ही जिला सहकारिता पदाधिकारी एवं जिला प्रबंधक, राज्य खाद्य निगम को निर्देश दिया गया कि राइस मिलों का भौतिक सत्यापन शीघ्र कर अधिकाधिक समितियों को संबद्ध किया जाए, ताकि कस्टम मिल्ड राइस (सीएमआर) की आपूर्ति जल्द प्रारंभ की जा सके।
![]()
No Comments