Last updated: September 7th, 2025 at 06:58 am

सासाराम।
हर खेत तक सिंचाई का पानी पहुँचाने की दिशा में प्रशासन गंभीर है। इसी कड़ी में शनिवार को उप विकास आयुक्त (डीडीसी), रोहतास की अध्यक्षता में प्रखंड सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य प्रखंड क्षेत्र में स्थापित नलकूपों की कार्यशीलता की समीक्षा करना तथा उपयोगिता प्रमाण पत्र समय पर प्रमंडल को उपलब्ध कराना था।
बैठक में जिला पंचायती राज पदाधिकारी, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी, पंचायत सचिव, मुखिया एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे। डीडीसी ने अधिकारियों से एक-एक कर नलकूपों की स्थिति की जानकारी ली और कहा कि सभी नलकूप जल्द से जल्द चालू अवस्था में रहने चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों को समय पर सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
डीडीसी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जिस पंचायत या क्षेत्र में नलकूप बंद हैं, उनकी मरम्मत कार्यवाही शीघ्र पूरी की जाए। साथ ही, उपयोगिता प्रमाण पत्र तैयार कर समय पर प्रमंडल कार्यालय को उपलब्ध कराया जाए, ताकि योजनाओं की प्रगति की सटीक जानकारी उच्च स्तर तक पहुँचे। उन्होंने यह भी कहा कि नलकूपों के संचालन में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में उपस्थित पंचायत प्रतिनिधियों और मुखियाओं ने भी अपनी-अपनी पंचायत की समस्याओं को रखा। कई पंचायतों में किसानों ने शिकायत की थी कि नलकूप समय पर नहीं चलने के कारण फसलों की सिंचाई प्रभावित हो रही है। डीडीसी ने इस पर गंभीरता दिखाते हुए संबंधित अभियंताओं को निर्देश दिया कि किसानों को परेशानी न हो और पानी की आपूर्ति नियमित बनी रहे।
उन्होंने कहा कि सिंचाई की समुचित व्यवस्था से किसानों की उपज में बढ़ोतरी होगी। यह न केवल किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत करेगा, बल्कि ग्रामीण अंचल के विकास की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। सिंचाई सुविधा मिलने से समय पर फसल बोआई और कटाई संभव होगी, जिसका लाभ सीधे-सीधे आम लोगों को भी सस्ती और पर्याप्त मात्रा में अनाज व सब्जियाँ उपलब्ध होने के रूप में मिलेगा।
बैठक के अंत में डीडीसी ने सभी अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें, ताकि सरकार की योजना “हर खेत तक सिंचाई का पानी” पूरी तरह सफल हो सके।
![]()
No Comments