Last updated: November 9th, 2026 at 04:05 pm

जम्मू-कश्मीर के 10वीं, 11वीं और 12वीं कक्षा के छात्रों के लिए राहत भरी खबर है। जम्मू-कश्मीर बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन (JKBOSE) ने वार्षिक नियमित परीक्षाओं के परिणाम जल्द जारी करने की तैयारी शुरू कर दी है। बोर्ड का लक्ष्य है कि तीनों कक्षाओं के नतीजे 10 जनवरी तक घोषित कर दिए जाएं।
JKBOSE के अध्यक्ष गुलाम हसन शेख ने सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि परीक्षाएं शांतिपूर्ण और सुचारू तरीके से चल रही हैं। अगले दो सप्ताह के भीतर परीक्षा प्रक्रिया पूरी होने की उम्मीद है। इसके बाद बोर्ड मूल्यांकन और परिणाम जारी करने की दिशा में काम करेगा।
परीक्षा परिणामों के साथ ही बोर्ड ने मुफ्त पाठ्यपुस्तकों के वितरण को लेकर भी अहम जानकारी दी है। अध्यक्ष के मुताबिक, शैक्षणिक क्षेत्रों में किताबें पहुंचाने की प्रक्रिया अगले 8 से 10 दिनों में पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है।उन्होंने बताया कि बोर्ड की ओर से जोनल शिक्षा कार्यालयों को मुफ्त पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध कराई जाती हैं। इसके बाद पात्र विद्यार्थियों तक किताबें पहुंचाने की जिम्मेदारी स्कूल शिक्षा निदेशालय की होती है।
इस योजना के तहत पहली से आठवीं कक्षा तक के करीब 8 लाख 20 हजार विद्यार्थी लाभान्वित होंगे। इनमें कश्मीर संभाग के लगभग 3 लाख 31 हजार छात्र शामिल हैं। बोर्ड अध्यक्ष ने यह भी कहा कि कई वर्षों बाद ऐसा हुआ है, जब नए शैक्षणिक सत्र के साथ ही मुफ्त किताबों के वितरण की प्रक्रिया शुरू की गई है।
इसके लिए जोनल अधिकारियों को निर्धारित समय-सारणी भी जारी की गई है और उन्हें तय कार्यक्रम के अनुसार वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसे में अब JKBOSE की 10वीं, 11वीं और 12वीं की परीक्षाएं देने वाले विद्यार्थियों की नजरें 10 जनवरी की संभावित परिणाम तिथि पर टिकी हैं। हालांकि, बोर्ड ने इसे अपना लक्ष्य बताया है।
![]()
Comments are off for this post.