Last updated: March 14th, 2026 at 09:17 am

यूपी के मुरादाबाद के तीर्थंकर महावीर विश्वविद्यालय (टीएमयू) के दीक्षांत समारोह में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं उर्वरक मंत्री जेपी नड्डा ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि मौजूदा समय में दुनिया आर्थिक मंदी और युद्धों की चुनौतियों का सामना कर रही है, लेकिन इन परिस्थितियों के बीच भी भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि भारत की विकास दर 7.4 प्रतिशत है और वैश्विक सूचकांकों में देश 38वें स्थान पर पहुंच चुका है।
जेपी नड्डा ने कहा कि ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘विकसित भारत’ की संकल्पना को साकार करने की दिशा में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है और आने वाले समय में भारत लंबी छलांग लगाने के लिए तैयार है।
छात्रों को संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि जीवन में अपने काम के लिए किसी से प्रमाणपत्र मांगने की जरूरत नहीं होती। व्यक्ति को स्वयं का मूल्यांकन करना चाहिए और अपनी उपलब्धियों को लगातार चुनौती देते हुए आगे बढ़ना चाहिए। यही सबसे बड़ा प्रमाणपत्र होता है। कार्यक्रम के दौरान जेपी नड्डा को विश्वविद्यालय की ओर से मानद डॉक्टरेट की उपाधि भी प्रदान की गई।
डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने दी शुभकामनाएं
समारोह में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री डॉ. बृजेश पाठक भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों और युवाओं के हित में लगातार कार्य कर रही है और हर कदम पर उनके परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि अब समाज को कुछ लौटाने का समय है और उन्हें आगे बढ़कर जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
रुचि के अनुसार काम करने की सलाह
उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में वही कार्य करना चाहिए जिसमें रुचि और आनंद की अनुभूति हो। यही जीवन का वास्तविक मंत्र है।
मालिनी अवस्थी को डी.लिट. से सम्मानित
दीक्षांत समारोह में पद्मश्री लोक गायिका मालिनी अवस्थी को डी.लिट. की मानद उपाधि से सम्मानित किया गया। उन्होंने ‘खुद जियो और दूसरों को भी जीने दो’ गीत के माध्यम से छात्रों को आगे बढ़ने और सकारात्मक सोच अपनाने की प्रेरणा दी।
समारोह में कुल 6,041 विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान की गई। इनमें 36 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि दी गई। इसके अलावा 108 छात्रों को गोल्ड मेडल, 105 को रजत पदक और 98 को सिल्वर मेडल से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में प्रदेश सरकार की मंत्री गुलाबो देवी, बलदेव सिंह औलख, महापौर विनोद अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. शैफाली सिंह, शहर विधायक रितेश गुप्ता, कुंदरकी विधायक ठाकुर रामवीर सिंह, एमएलसी जयपाल सिंह व्यस्त, सतपाल सैनी और टीएमयू के कुलाधिपति सुरेश जैन समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
![]()
Comments are off for this post.