Last updated: November 17th, 2026 at 03:18 am

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में आतंकवाद के खिलाफ सुरक्षा बलों का अभियान लगातार जारी है। लारू (लारनू बाईपास) इलाके में मुठभेड़ के दौरान एक स्थानीय आतंकी के मारे जाने के बाद सुरक्षाबलों ने पूरे क्षेत्र में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। इस कार्रवाई के दौरान अब लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर लतीफ अहमद भट की तलाश पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आशंका है कि वह आसपास के इलाके में छिपा हो सकता है।
अधिकारियों के मुताबिक, आतंकियों की मौजूदगी से जुड़ी खुफिया सूचना मिलने के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस और राष्ट्रीय राइफल्स ने संयुक्त रूप से ऑपरेशन शुरू किया था। इसी दौरान आतंकियों की ओर से गोलीबारी किए जाने के बाद मुठभेड़ शुरू हो गई। कार्रवाई के बाद घटनास्थल से एक आतंकी का शव बरामद किया गया, जिसकी पहचान उमर निसार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह करीब पांच दिन पहले ही आतंकी संगठन में शामिल हुआ था।
CRPF जवानों पर हमले के बाद तेज हुई तलाश
कुलगाम में चल रही इस कार्रवाई को 11 नवंबर को हुए आतंकी हमले से भी जोड़कर देखा जा रहा है। उस हमले में CRPF के तीन जवान घायल हुए थे। सुरक्षा एजेंसियां हमले में शामिल आतंकियों का पता लगाने के लिए लगातार अभियान चला रही हैं। इसी कड़ी में लारू और आसपास के इलाकों में तलाशी का दायरा बढ़ाया गया है।
15 लाख का इनामी लश्कर कमांडर लतीफ भट निशाने पर
इस पूरे ऑपरेशन में सुरक्षा एजेंसियों की नजर लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर लतीफ अहमद भट पर टिकी हुई है। मोहम्मद लतीफ भट के नाम से भी पहचाने जाने वाला 22 वर्षीय आतंकी कुलगाम के ख्रेवान चादर गांव का निवासी बताया जाता है। जानकारी के मुताबिक, वह नवंबर 2025 में घर छोड़कर आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा में शामिल हुआ था।
उस पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित होने की बात कही जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, उसका नाम घाटी में हुई कई आतंकी घटनाओं से जुड़ा है। इनमें जुलाई में कुलगाम में प्रवासी मजदूरों की हत्या का मामला भी शामिल है। इसके अलावा किश्तवाड़ में दो विशेष पुलिस अधिकारियों (SPO) बाबी चंद और यशपाल कुमार की हत्या में भी उसकी कथित संलिप्तता बताई जाती है।
DGP और IGP ने मौके पर पहुंचकर लिया ऑपरेशन का जायजा
तलाशी अभियान को देखते हुए कुलगाम के संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है। जवान घरों, आसपास के रास्तों और संदिग्ध ठिकानों की जांच कर रहे हैं, ताकि किसी अन्य आतंकी की मौजूदगी का पता लगाया जा सके। सुरक्षा एजेंसियां इस संभावना को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही हैं कि इलाके में कोई विदेशी आतंकी छिपा हो सकता है।
जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक (DGP) नलिन प्रभात और कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक (IGP) सुजीत कुमार ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कुलगाम पहुंचकर अभियान की स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था और आतंकवाद विरोधी कार्रवाई की समीक्षा की।
गौरतलब है कि शनिवार को उपराज्यपाल मनोज सिन्हा की अध्यक्षता में जम्मू-कश्मीर की सुरक्षा स्थिति को लेकर उच्चस्तरीय बैठक हुई थी। इसमें आतंकवाद के खिलाफ सटीक और प्रभावी कार्रवाई करने पर जोर दिया गया था। फिलहाल कुलगाम में तलाशी अभियान जारी है। सुरक्षा बलों का मुख्य उद्देश्य इलाके में छिपे आतंकियों का पता लगाना और किसी भी संभावित खतरे को खत्म करना है।
![]()
Comments are off for this post.