Last updated: November 21st, 2026 at 10:04 am

जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा जिले में भारतीय सेना के शहीद अधिकारी मेजर सुरेश सूरी की वीरता और बलिदान को याद करते हुए उनकी प्रतिमा स्थापित की गई है। अरागम स्थित मेजर सुरेश सूरी आर्मी गुडविल स्कूल में आयोजित समारोह के दौरान उनकी प्रतिमा का अनावरण किया गया। यह भावुक पल उस समय और खास हो गया, जब प्रतिमा का अनावरण खुद उनकी मां गिरिजा कुमारी सूरी ने किया। वह इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए विशेष रूप से हैदराबाद से पहुंची थीं।
इस समारोह में भारतीय सेना के अधिकारी और जवान, स्कूल के शिक्षक-कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति और कश्मीरी गीतों की प्रस्तुति देकर शहीद अधिकारी को श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर वीर माता गिरिजा कुमारी सूरी को भी उनके बेटे के अदम्य साहस और देश के प्रति सर्वोच्च बलिदान के लिए सम्मानित किया गया।
आतंकियों से मुकाबला करते हुए हुए थे शहीद
मेजर सुरेश सूरी ने 22 सितंबर 2009 को बांदीपोरा जिले में आतंकवादियों के खिलाफ चलाए गए एक अभियान के दौरान देश के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए थे। मुठभेड़ में गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और आतंकियों का मुकाबला जारी रखा। इस दौरान उन्होंने एक आतंकवादी को मार गिराया और अपने घायल साथियों को सुरक्षित बाहर निकालने में भी अहम भूमिका निभाई। इसी अभियान में वह वीरगति को प्राप्त हुए।
उनकी असाधारण बहादुरी, अदम्य साहस और देश के प्रति समर्पण को देखते हुए भारत सरकार ने उन्हें मरणोपरांत कीर्ति चक्र से सम्मानित किया। 26 जनवरी 2010 को उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया था।
नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनेगी वीरता की कहानी
प्रतिमा अनावरण समारोह के दौरान स्कूल प्रशासन ने कहा कि मेजर सुरेश सूरी का साहस, अनुशासन और निस्वार्थ सेवा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी। स्कूल ने उनकी वीरता और बलिदान की विरासत को विद्यार्थियों तक पहुंचाने का संकल्प भी दोहराया। यह आयोजन केवल एक प्रतिमा का अनावरण नहीं, बल्कि उस वीर सैनिक के अदम्य साहस और देश के लिए दिए गए सर्वोच्च बलिदान को याद करने का अवसर भी बना।
![]()
Comments are off for this post.