Last updated: October 4th, 2025 at 09:08 am

कैमूर (भभुआ)। बिहार पुलिस सेवा के चर्चित और कर्मठ अधिकारी मनोरंजन भारती को भभुआ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) के रूप में पदस्थापित किया गया है। श्री भारती ने अपने अब तक के कार्यकाल में कई महत्वपूर्ण थाना क्षेत्रों की कमान संभालते हुए अपनी पहचान एक मिलनसार, निष्पक्ष और कड़े पुलिस अधिकारी के रूप में बनाई है।
अपने अब तक के सेवाकाल में मनोरंजन भारती ने अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर यह साबित किया है कि कानून से ऊपर कोई नहीं। वे हमेशा से ही “न्याय और अनुशासन” को प्राथमिकता देने वाले अधिकारी माने जाते हैं। जिन थानों की कमान उन्होंने संभाली, वहां अपराधियों में खौफ और आम जनता में भरोसे का माहौल बना।
श्री भारती का मानना है कि अपराध पर अंकुश लगाने के लिए सख्ती के साथ-साथ जनता से बेहतर संवाद भी जरूरी है। उनका यही मिलनसार और न्यायप्रिय रवैया उन्हें आम लोगों के बीच लोकप्रिय बनाता है। उनके अधीन काम करने वाले पुलिसकर्मी भी उन्हें एक ऐसे अधिकारी के रूप में जानते हैं जो सख्ती के साथ टीम भावना पर विश्वास रखते हैं।
अब जब उन्हें कैमूर जिला मुख्यालय भभुआ में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी का जिम्मा सौंपा गया है, तो स्थानीय लोगों में उम्मीदें और उत्साह दोनों देखने को मिल रहे हैं। भभुआ में अपराध पर अंकुश लगाने, असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने और कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने की जिम्मेदारी अब उनके कंधों पर है।
पुलिस विभाग में मनोरंजन भारती को एक ईमानदार, जुझारू और परिणाममुखी अधिकारी के रूप में जाना जाता है। वे अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई और जनता के साथ संवेदनशील व्यवहार दोनों को समान रूप से महत्व देते हैं।
अब यह देखना दिलचस्प होगा कि कैमूर जिले के भभुआ अनुमंडल में वे किस प्रकार अपराध नियंत्रण की नई मिसाल कायम करते हैं और अपने अनुभव व कार्यशैली से क्षेत्र की कानून व्यवस्था को और सशक्त बनाते हैं।
![]()
No Comments