Last updated: September 5th, 2026 at 12:31 pm

मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में सरकारी सर्किट हाउस परिसर में नमाज पढ़ने का कथित वीडियो सामने आने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। वायरल वीडियो में समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष और पूर्व जिलाध्यक्ष हाजी मोहम्मद उस्मान अपनी कार के पीछे सड़क पर नमाज अदा करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद हिंदू संगठनों ने सरकारी परिसर में धार्मिक गतिविधि को लेकर आपत्ति जताई और कार्रवाई की मांग की।
सपा नेताओं की बैठक के बाद सामने आया वीडियो
बताया जा रहा है कि यह मामला 3 सितंबर का है। उस दिन उत्तर प्रदेश विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव मुरादाबाद के सर्किट हाउस पहुंचे थे। यहां समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ एमएलसी चुनाव को लेकर बैठक हुई थी।
बैठक समाप्त होने के बाद बिलारी से सपा विधायक मोहम्मद फहीम इरफान के चाचा और पार्टी के जिला उपाध्यक्ष हाजी मोहम्मद उस्मान द्वारा परिसर में नमाज पढ़े जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया।
हिंदू संगठनों ने जताई आपत्ति
वीडियो वायरल होने के बाद राष्ट्रीय बजरंग दल समेत कुछ हिंदू संगठनों ने सरकारी परिसर में नमाज पढ़े जाने पर सवाल उठाए। संगठनों ने प्रशासन से पूछा कि सरकारी परिसर में इस तरह की धार्मिक गतिविधि की अनुमति किस आधार पर दी गई।
मामले को लेकर संगठनों की ओर से कार्रवाई की मांग किए जाने के बाद विवाद और बढ़ गया।
PWD की शिकायत के बाद मुकदमा
विवाद के बीच सर्किट हाउस के प्रभारी अवर अभियंता अनित कुमार की शिकायत पर मझोला थाने में हाजी मोहम्मद उस्मान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस के अनुसार, मुकदमा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 285 और 292 के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
![]()
Comments are off for this post.