Last updated: May 25th, 2026 at 03:40 am

पटना में रविवार से तीन दिवसीय राष्ट्रीय कबड्डी निर्णायक परीक्षा कार्यक्रम की शुरुआत हो गई। यह आयोजन अमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया के मार्गदर्शन में बिहार स्टेट कबड्डी एसोसिएशन की मेजबानी में स्थानीय होटल अशोका रेजिडेंसी में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से कबड्डी रेफरी और तकनीकी अधिकारी शामिल हुए हैं।
कार्यक्रम का उद्घाटन अजय कुमार, के जगदीश्वर यादव, कामाख्या नारायण और रतन पटेल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर अतिथियों का स्वागत बिहार स्टेट कबड्डी एसोसिएशन के चेयरमैन कुमार विजय सिंह ने शॉल और बुके देकर किया।
कार्यक्रम में बिहार रेफरी बोर्ड के अध्यक्ष आनंद शंकर तिवारी, तकनीकी समिति के अध्यक्ष राणा रंजीत सिंह, संयोजक अरुण कुमार और जयशंकर चौधरी समेत कई खेल पदाधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इस मौके पर कुमार विजय सिंह ने कहा कि किसी भी खेल को सफल और निष्पक्ष तरीके से संचालित करने में निर्णायकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने बताया कि समय के साथ खेल के नियमों में बदलाव होते रहते हैं, इसलिए रेफरी और तकनीकी अधिकारियों को लगातार अपडेट रहना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि इस परीक्षा कार्यक्रम का उद्देश्य निर्णायकों को नए नियमों और तकनीकी बदलावों की जानकारी देना है। प्रशिक्षण के बाद प्रतिभागियों की परीक्षा भी आयोजित की जाएगी, जिससे उनकी तकनीकी समझ और निर्णय क्षमता का आकलन किया जा सके। कार्यक्रम के जरिए कबड्डी खेल में बेहतर और प्रशिक्षित निर्णायकों को तैयार करने पर जोर दिया जा रहा है।
![]()
Comments are off for this post.