Last updated: August 31st, 2025 at 07:13 am

रोहतास। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए एनडीए ने संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में शनिवार को नोखा के बाजार समिति खेल मैदान में भव्य कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित हुआ। सम्मेलन में भाजपा, जदयू, उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी और लोजपा (रामविलास) के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे। मंच पर क्षेत्र के दिग्गज नेताओं ने केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को गिनाया और कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर जनता तक पहुंचाने की अपील की।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार को जंगलराज से निकालकर विकास की राह पर अग्रसर किया है। केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री सड़क योजना, उज्ज्वला योजना, जनधन योजना और राज्य सरकार की मुख्यमंत्री सड़क योजना, पेंशन वृद्धि, आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में बढ़ोतरी तथा 24 घंटे बिजली आपूर्ति जैसी उपलब्धियों को प्रमुखता से रखा गया। नेताओं ने कहा कि ये योजनाएं सीधे आम जनता के जीवन में बदलाव ला रही हैं, लेकिन विपक्ष इसे झुठलाने का प्रयास कर रहा है।
वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि चुनाव केवल नेताओं के बल पर नहीं जीते जाते, बल्कि इसकी असली ताकत कार्यकर्ताओं में होती है। पिछले विधानसभा चुनाव में शाहाबाद क्षेत्र में एनडीए को अपेक्षित सफलता नहीं मिली थी। इस बार सभी को घर-घर जाकर सरकार की नीतियों और उपलब्धियों का संदेश पहुंचाना होगा। जनता तक सही जानकारी और विकास कार्यों को पहुंचाने से ही एनडीए की जीत सुनिश्चित होगी।
कार्यकर्ता सम्मेलन में सांसद लवली आनंद, जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, विधायक अनिल सिंह, पूर्व विधायक रामेश्वर चौरसिया, जदयू जिला अध्यक्ष अजय कुशवाहा, जदयू के राष्ट्रीय सचिव संजय कुमार, प्रदेश महासचिव ओमप्रकाश सिंह सेतु सहित कई नेताओं ने भाग लिया। सभी नेताओं ने बारी-बारी से केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला और विपक्ष पर निशाना साधा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष संतोष पटेल ने की जबकि संचालन सुरेंद्र रजवार ने किया। सम्मेलन के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं ने नारों और तालियों से नेताओं का उत्साह बढ़ाया। यह सम्मेलन विधानसभा चुनाव से पूर्व कार्यकर्ताओं को संगठित करने और एनडीए के पक्ष में माहौल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
![]()
No Comments