Human Live Media

HomeStateBiharजहानाबाद में नीतीश कुमार का विपक्ष पर तीखा हमला, पुराने शासन को बताया ‘डर का दौर’

जहानाबाद में नीतीश कुमार का विपक्ष पर तीखा हमला, पुराने शासन को बताया ‘डर का दौर’

समृद्धि यात्रा के दौरान नीतीश कुमार ने बिना नाम लिए लालू प्रसाद यादव पर साधा निशाना, गिनाईं सरकार की उपलब्धियां
article320038

समृद्धि यात्रा के दौरान नीतीश कुमार ने बिना नाम लिए लालू प्रसाद यादव पर साधा निशाना, गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

Table of Contents

    बिहार के जहानाबाद में समृद्धि यात्रा के पांचवें चरण की शुरुआत करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने बिना नाम लिए लालू प्रसाद यादव पर हमला बोलते हुए कहा कि जब वे सत्ता से हटे तो अपनी पत्नी को मुख्यमंत्री बना दिया। समृद्धि यात्रा के तहत आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए नीतीश कुमार ने कहा, “मैं उनके पास गया था, लेकिन वो मेरे नहीं हो सके।” उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व सरकार के समय महिलाओं और आम जनता के लिए कोई ठोस काम नहीं हुआ।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले बिहार की स्थिति बेहद खराब थी। लोग शाम होते ही घरों से निकलने से डरते थे और शिक्षा, स्वास्थ्य व सड़क जैसी बुनियादी सुविधाएं बदहाल थीं। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार आने के बाद राज्य में तेजी से विकास हुआ है और आज हर क्षेत्र में सुधार दिख रहा है। नीतीश कुमार ने साम्प्रदायिक सौहार्द पर भी जोर देते हुए कहा कि उनकी सरकार ने हिंदू-मुस्लिम विवादों को कम करने के लिए कब्रिस्तानों और मंदिरों की घेराबंदी करवाई, जिससे अब राज्य में शांति का माहौल है।

    विकास कार्यों का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज खोले गए, अस्पतालों में बेड बढ़ाए गए और शिक्षा के क्षेत्र में सुधार के साथ शिक्षकों की संख्या भी बढ़ाई गई। साथ ही गांवों को सड़कों और पुलों के जरिए शहरों से जोड़ा गया। पूर्व सरकार पर हमला करते हुए उन्होंने ‘जंगलराज’ का जिक्र किया और कहा कि उस समय कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब थी और महिलाएं सुरक्षित महसूस नहीं करती थीं।

    बिजली और रोजगार के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि अब राज्य में गांव-गांव तक बिजली पहुंच चुकी है, मुफ्त बिजली दी जा रही है और घरों पर सोलर लगाने की योजना भी चलाई जा रही है। उन्होंने दावा किया कि 50 लाख युवाओं को रोजगार दिया गया है और अगले पांच वर्षों में 1 करोड़ रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र सरकार बिहार के विकास में लगातार सहयोग कर रही है।

    सभा को संबोधित करते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य में सरकार नीतीश कुमार के नेतृत्व में चल रही है और आगे भी उन्हीं के नेतृत्व में चलती रहेगी। इससे पहले मुख्यमंत्री ने 250 करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। साथ ही सिलाई प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन भी किया गया, जिसका उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना है।

    Loading

    Comments are off for this post.