Last updated: March 24th, 2026 at 12:29 pm

बिहार में विकास योजनाओं को लेकर सरकार ने एक बार फिर बड़े संकेत दिए हैं। कैमूर जिले के चैनपुर विधानसभा क्षेत्र के नौघरा गांव में आयोजित ‘समृद्धि यात्रा’ कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कई अहम घोषणाएं कीं। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीताश कुमार भी मौजूद रहे।
राज्य में ही मिलेगा रोजगार
सरकार का फोकस अब उन लोगों पर है जो रोजगार के लिए बिहार से बाहर जाते हैं। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे मजदूरों की पहचान कर उन्हें राज्य के भीतर ही काम उपलब्ध कराने की योजना पर काम चल रहा है। साथ ही उद्योग स्थापित कर बिहार को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने जानकारी दी कि जिन प्रखंडों में अभी डिग्री कॉलेज नहीं हैं, वहां इसी साल जुलाई से पढ़ाई शुरू कराने की तैयारी है। इससे ग्रामीण इलाकों के छात्रों को बड़ी राहत मिलेगी।
कैमूर में बड़े प्रोजेक्ट
सरकार कैमूर जिले में कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं शुरू करने जा रही है। पहाड़ी क्षेत्र में जहां पहले डिग्री कॉलेज की घोषणा हुई थी, वहीं अब हाई सिक्योरिटी जेल भी बनाई जाएगी, जिसमें कुख्यात अपराधियों को रखा जाएगा। इसके अलावा यहां मेडिकल कॉलेज खोलने की भी योजना है, ताकि स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
सड़क और बिजली में सुधार का दावा
सरकार का दावा है कि वर्ष 2005 के बाद राज्य में 1.40 लाख किलोमीटर सड़कों का निर्माण हुआ है। वहीं बिजली के क्षेत्र में भी बड़ा बदलाव देखने को मिला है। उपभोक्ताओं की संख्या 17 लाख से बढ़कर 2.16 करोड़ तक पहुंच गई है। इसके साथ ही घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली दी जा रही है, जिसका लाभ बड़ी संख्या में लोग उठा रहे हैं।
महिलाओं को आर्थिक मदद
महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए सरकार की योजना के तहत अब तक 1.81 करोड़ महिलाओं को ₹10,000 की सहायता राशि दी जा चुकी है। बाकी बची 18 लाख महिलाओं को भी अगले एक महीने के भीतर यह राशि देने का आश्वासन दिया गया है।
![]()
Comments are off for this post.